शहरवासी नए साल के जश्न में सोमवार रात 12 बजे से ही डूब गए हैं। इससे पूर्व युवाओं ने शहर के रेस्टोरेंट, होटलों में पहुंचकर सारी तैयारियां की थीं। जैसे ही 12 बजे हर तरफ हैप्पी न्यू ईयर की धूम देखने को मिली। पटाखे फोड़कर लोगों ने एक दूसरे को नव वर्ष की मुबारकबाद दी। वहीं कई होटलों में तो संगीत की धुनों पर थिरक कर नए साल का जश्न मनाया गया।
इस दौरान अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट भी फुल नजर आए। युवाओं की भीड़ ने गुलाब के फूल एवं गुलदस्तों की काफी खरीदारी की थी। भारी संख्या में देर रात सेंटर प्वाइंट पर लोग जमा हो गए थे।
नो व्हीकल जोन होने के साथ-साथ पुलिस ने एहतियात के तौर पर उन्हें वहां से हटा दिया था।
महानगर के होटल एवं रेस्टोरेंट में 2018 की विदाई और 2019 वर्ष के आगमन के चलते रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित हुए। रेस्टोरेंट, होटल दुल्हन की तरह सजे नजर आए। कुछ होटलों में म्यूजिकल नाइट के साथ लजीज व्यंजन का इंतजाम भी था।
म्यूजिक की धुन पर युवा देर रात तक थिरकते रहे। बहुत से लोग परिवार के साथ भी होटलों में जश्न मनाने पहुंचे थे। कई स्थानों पर लोग जाम से जाम टकराते भी नजर आए। जबकि दोपहर में महानगर की गिफ्ट गैलरियों में काफी चहल-पहल रही।
रिश्तेदारों, दोस्तों के लिए युवाओं ने जमकर उपहार खरीदे थे। वहीं गुलदस्ता, घड़ी, परफ्यूम, पर्स, बेल्ट, ग्रीटिंग कार्ड, कपड़ों की भी जमकर खरीदारी हुई। मैरिस रोड, रेलवे रोड, सेंटर प्वाइंट, मामू भांजा आदि क्षेत्रों में काफी चहल पहल रही।
नए साल को लेकर युवाओं का उत्साह देखने लायक था। वहीं शहर के कई रेस्टोंरेंट व होटलों ने लाइव म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया था।
दिल्ली का गुलाब, रहा लाजवाब
नए साल को लेकर फूल का कारोबार भी अच्छा रहा। शहर के फूल विक्रेताओं के पास दो दिन पहले से ही लंबी डंडी वाले गुलाब की डिमांड थी। इस कारण दुकानदारों ने पहले से ही वल्क में दिल्ली से गुलाब मंगाए हुए थे। यह गुलाब 20 रुपये से लेकर 30 रुपये तक बिके।
युवाओं के अनुसार यह गुलाब उन्हें काफी पसंद आए। सेंटर प्वाइंट के पास लगाने वाले गुलदस्ता विक्रेता ने बताया कि सबसे ज्यादा एकल गुलाबों की बिक्री हुई है। जबकि गुलदस्तों की बिक्री अनुमानित हुई है। इस साल कारोबार अच्छा रहा है।
एडवांस्ड में फुल रहे होटल-रेस्टोरेंट
शहर के कई होटल व रेस्टोरेंट पहले से ही जश्न के लिए एडवांस्ड में बुक रहे। इस दौरान कई लोग होटल संचालकों से एंट्री मांगते रह गए। लेकिन होटल फुल होने की वजह से एंट्री नहीं दी गई। इसके चलते कई लोग तो देर रात होटल बदलते दिखायी दिए। अन्य होटल में जगह मिलने पर ही इन्होंने नए साल का जश्न मनाया।
धरे गए शराबी वाहन चालक, छोड़े
शहर में नववर्ष के उपलक्ष्य में कई लोगों ने शराब पीकर वाहन भी चलाए। इस दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में शराब पीकर चला रहे वाहन चालकों को पकड़ लिया। हालांकि घर जाने की हिदायत देकर ही उनको छोड़ दिया गया। इस मामले में पुलिस सख्त दिखायी दी।
युवाओं ने काटा हंगामा
नए साल के जश्न में उत्साही युवाओं ने सोमवार रात 12 बजते ही शहर के खई इलाकों पर जमकर हंगामा काटा और आतिशबाजी की। कई जगह हालत तो यह हो गए कि पुलिस को मामला संभालना पड़ा। पुलिस ने दुकानें बंद कराकर युवाओं को सख्ती के साथ भगाया। तब जाकर हालत सामान्य हुए।
नए साल के संदेश.....
सभी जनपद वासियों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। नया साल आप सभी के जीवन को खुशियों से भर दे। ऐसी कामना करता हूं।
- अजयदीप सिंह, मंडलायुक्त।
सभी जनपद वासियों को नव वर्ष की ढेर सारी शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि नया साल 2019 सभी के लिए उज्ज्वल भविष्य लेकर आएगा।
- चंद्र भूषण सिंह, जिलाधिकारी।
नये साल की सभी को ढेर सारी मुबारकबाद। यह नया साल सभी के जीवन में उजाले भर दें। ऐसी मैं कामना करता हूं।
- डॉ. प्रीतिंदर सिंह, डीआईजी।
जिस प्रकार नया साल आया है। उसी प्रकार नई-नईं खुशियां सभी के जीवन में आएं। ऐसी में प्रत्येक जनपदवासी के लिए कामना करता हूं। नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं।
- अजय साहनी, एसएसपी।
समस्त एएमयू बिरादरी को नव वर्ष के आगमन पर हार्दिक शुभकामनाएं। गत वर्ष एएमयू ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलताएं अर्जित की हैं तथा आशा है कि आने वाले वर्ष में एएमयू सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित करेगा। एएमयू के सभी सदस्यों के लिए शांति, सद्भाव तथा संपन्नता की कामना है।
- प्रो. तारिक मंसूर, एएमयू कुलपति