बीडीके ग्रुप के एमडी विशाल गर्ग ने बताया कि फ्लाईबिग के सीएमडी कैप्टन संजय मंडाविया सोमवार सुबह अलीगढ़ पहुंच जाएंगें। उन्होंने बताया कि फ्लाईबिग एयरलाइंस बीडीके ग्रुप की सहयोगी कंपनी है। जिसके सहयोग से अलीगढ़ से 19 सीटर विमान उड़ने की जिम्मेदारी मिली है। कंपनी की ओर से कॉमर्शियल, सुरक्षा एवं इंजीनियर विभाग ने व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर लिया गया है। 11 मार्च को कंपनी द्वारा अलीगढ़ से प्रथम उड़ान प्रस्थान समारोह दोपहर 12:30 बजे से होगा। लखनऊ से आने वाले विमान द्वारा जल नमस्कार की रस्म अदा की जाएगी। यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया जाएगा। लखनऊ जाने वाली प्रथम उड़ान में प्रथम यात्री को बिग-बोर्डिंग पास देकर स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी जाएंगी।
विशाल गर्ग ने बताया कि अगली फ्लाइट 14 मार्च को प्रस्थान करेगी। लखनऊ से दोपहर 12:20 बजे उड़ कर दोपहर 01:50 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। जबकि अलीगढ़ से दोपहर 02:15 बजे लखनऊ की उड़ान जाएगी। सप्ताह में तीन दिन लखनऊ से अलीगढ़ आगमन व अलीगढ़ से लखनऊ प्रस्थान जारी रहेगा। इसके बाद जल्द ही कंपनी द्वारा प्रतिदिन सुबह लखनऊ प्रस्थान व सायं लखनऊ से अलीगढ़ आगमन की उड़ान रहेगी। दूसरे चरण में अलीगढ़ से दूसरे शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू की जाएगी।
हमारे शहर से उड़ान शुरू होने जा रही है। मैं भी लखनऊ से अलीगढ़ आने वाली पहली उड़ान का गवाह बनूंगा। ये सुविधा शहर के विकास में एक रफ्तार का काम करेगी। अभी लखनऊ के लिए शुरुआत हो रही है। अन्य शहरों के लिए भी हो।-सुमित सराफ, उद्यमी
हमारे शहर के विकास के लिए हवाई उड़ान की सुविधा मील का पत्थर साबित होगी। अब आने वाले चंद दिनों में समूचा शहर यह देखेगा कि किस तरह शहर का औद्योगिक विकास हो रहा है। जरूरत है तो अन्य शहरों को भी उड़ान शुरू करने की।-प्रवीण मंगला, रीयल स्टेट कारोबारी
हमारे शहर से हवाई यात्रा की शुरुआत बेहद सुखद बात है। इससे बड़ा हर्ष का विषय और क्या हो सकता है। इससे हर कीमत पर औद्योगिक विकास की रफ्तार बढ़ेगी और हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।-धनजीत वाडरा, निर्यातक
ये बेहद उम्दा कदम है। हमारी जरूरत को ध्यान में रखकर सरकार का निर्णय सराहनीय है। साथ में हमारी मांग है कि जिस तरह से लखनऊ को ये सुविधा शुरू की है। उसी तरह यहां से दिल्ली को भी ये सुविधा शुरू की जाए।-तरुण सक्सेना, निर्यातक
शहर से हवाई यात्रा शुरू होने पर रीयल स्टेट के कारोबारी बेहद सुखद महसूस कर रहे हैं। अब अपने काम एक दिन में निपटाकर हम लौट सकेंगे। इससे शहर का कारोबारी विकास भी होगा, जो आने वाले समय में देखने को मिलेगा।-राजीव शर्मा, बिल्डर
शहर से लखनऊ की हवाई यात्रा शुरू होने जा रही है। आने वाली पहली फ्लाइट की यात्रा का मैं गवाह बनूंगा। इससे सुखद और कोई बात नहीं हो सकती। अब इसी तरह दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों को भी उड़ान शुरू हो।-संजय माहेश्वरी, शेयर एक्सपर्ट