यदि आप 19 सीटर विमान में यात्रा कर रहे हैं तो जान लें कि इसमें शौचालय की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उड़ान का संचालन करने वाली फ्लाईबिग की ओर से सफर करने वाले सभी यात्रियों से शौचालय उपयोग के उपरांत ही फ्लाइट में बैठने की अपील की गई है। फ्लाईबिग का चेक इन काउंटर प्रस्थान समय से करीब दो घंटे पूर्व ही खुल जाएगा और 45 मिनट पूर्व बंद हो जाएगा। कंपनी की ओर से 9 मार्च की देर शाम से ऑनलाइन टिकट की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अभी तक एयरपोर्ट के काउंटर से ऑफ लाइन बुकिंग हो रही थी।
शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की कीमत से भी कम में हवाई उड़ान
अलीगढ़ एयरपोर्ट से शुरू हो रही उड़ान शहरवासियों के कीमती समय के साथ पैसा भी बचाएगी। ट्रेन में प्रथम श्रेणी कोच में जितना किराया देकर आप दूरदराज के शहरों के लिए कई घंटों का सफर तय करते हैं, कीमती समय सफर में जाया करते हैं वो विमान सेवाएं शुरू होने के बाद नहीं करना पड़ेगा। लखनऊ लिए शुरू होने जा रही विमान सेवा में किराया ट्रेन के फर्स्ट एसी के बराबर ही है। यानि जिस किराए में आप ट्रेन में सफर कर घंटों का समय खराब करते हैं, उतने ही किराए में बहुत कम समय में विमान से आप लखनऊ पहुंच सकेंगे।
दिल्ली के रास्ते अलीगढ़ से गुजरने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में लखनऊ तक प्रथम श्रेणी कोच में सफर के बदले यात्रियों को करीब 1500 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। सफर में करीब पांच घंटे का समय खर्च होता है। 19 सीटर विमान का यह किराया ट्रेन के फर्स्ट एसी के तत्काल टिकट की कीमत से भी कम है। विमान में अलीगढ़ से लखनऊ तक के 1348 रुपये खर्च होंगे और समय भी 45 मिनट से लेकर अधिकतम डेढ़ घंटा लगेगा।
कल्याण सिंह ने किया था धनीपुर हवाई पट्टी का लोकार्पण
धनीपुर एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्मृति में मुख्य गेट प्रेरणा द्वार के नाम से बनाया गया है। यहां एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी निधि से जीटी रोड से एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर स्वागत द्वार बनवाकर लगवाया है। करीब तीन साल पहले जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह की ओर से एयरपोर्ट का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा गया था। इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जा चुका है। संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर करने की घोषणा कर सकते हैं। सबसे खास बात है कि धनीपुर हवाई पट्टी का उद्घाटन भी तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने ही किया था।
सोशल मीडिया पर अलीगढ़ से लखनऊ तक के उड़ान के टिकट को लेकर खासी चर्चा छिड़ी हुई है। ऑनलाइन पोर्टल पर टिकट पर एचआरएच अलीगढ़ लिखा हुआ है। चर्चा है कि भविष्य में अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किया जा सकता है। लंबे समय से अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किए जाने की मांग चली आ रही है।
11 मार्च से शुरू होगी पहली उड़ान
लखनऊ एयरपोर्ट से पहला 19 सीटर विमान 11 मार्च दोपहर 12:55 बजे उड़ान भरेगा। यह अलीगढ़ एयरपोर्ट पर 2:25 बजे पहुंचेगा। सबसे पहले इसे जल नमस्कार किया जाएगा और उसमें सवार यात्रियों का स्वागत होगा। करीब एक घंटे तक यह विमान यहां रुकेगा। इसके बाद दोपहर 3:25 बजे अलीगढ़ से लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा।
पहले दिन सफर करने वाले यात्री
पहले दिन लखनऊ से अलीगढ़ आने वाले विमान में सफर के लिए शेखर सर्राफ समूह के एमडी सुमित सर्राफ, सामाजिक संगठन के अध्यक्ष संजय माहेश्वरी ने टिकट बुकिंग कराई है। अलीगढ़ से लखनऊ जाने वाले विमान में पहली टिकट की बुकिंग बीडीके समूह के निदेशक विशाल गर्ग ने कराई है। इसके अलावा विमान का संचालन कर रहे बिग चार्टर प्राइवेट लिमिटेड (फ्लाईबिग) के सीएमडी कैप्टन संजय मंडाविया, छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, लोकेश गर्ग, अनूप प्रताप सिंह, प्रवीण कुमार, मनीष कुमार गर्ग, तेजवीर, अनीस कुमार आदि ने भी अलीगढ़ से लखनऊ तक की यात्रा की टिकट बुकिंग कराई है।