फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh Airport: उम्मीदों की उड़ान, अब सपने चढ़ेंगे परवान, कभी सोचा न था कि हेलीकाप्टर भरेंगे उड़ान

Sun, 10 Mar 2024 05:56 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

अलीगढ़ एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने से दूसरे शहरों को जाने वाले लोगों एवं कारोबारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और वे कुछ समय में ही बड़े शहरों का सफर तय कर सकेंगे।
विज्ञापन
अलीगढ़ एयरपोर्ट अंदर से - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ एयरपोर्ट के आसपास के गांवों के किसानों ने खेत-खलिहान के बीच परिंदों को उड़ते तमाम बार देखा है। अब वे 11 मार्च से 19 सीटर विमानों को उड़ते देख पाएंगे। इस प्रतीक्षा में उन्हें नींद नहीं आ रही है। स्थानीय लोग अलीगढ़ एयरपोर्ट से 11 मार्च को विमानों को उड़ान भरते देख सकेंगे। इससे पहले वे कई बार यहां से विमानों को उड़ते देख चुके हैं, लेकिन वो विमान आम जनता के लिए नहीं थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल इसका उद्घाटन करेंगे। ग्रामीण और आसपास के लोग काफी उत्सुक हैं। ग्रामीणों ने इस नजारे को देखने के लिए सुबह से ही एयरपोर्ट पहुंचने की तैयारी कर ली है। 

विज्ञापन


आसपास में बहुत से ऐसे ग्रामीण हैं, जिनकी जिंदगी खेत में ही पूरी हो रही है। अमर उजाला ने एयरपोर्ट के आसपास के गांवों के ग्रामीणों से जब बातचीत की तो उनके चेहरे की चमक बस देखते ही बन रही थी। 

  • भूड़ा किशनगढ़ के प्रधान अतर सिंह ने कहा कि पूरी जिंदगी खेती-बाड़ी में बीत गई। हवाई पट्टी पर साल दो साल में हेलीकॉप्टर तो देखा था, अब नियमित विमान उड़ेंगे। 
  • किसान विजय सिंह ने कहा कि गांव के इतने नजदीक से हवाई जहाज उड़ेगा, इसकी कल्पना नहीं की थी। लखनऊ, कानपुर जाने के लिए समय की भी बचत होगी। एयरपोर्ट के आसपास लाइट ही लाइट है। इसलिए रात में कोई दिक्कत नहीं होती है। 
  • किसान लाला राम ने बताया कि हवाई यात्रा का किराया अधिक नहीं है, इसलिए लखनऊ जाएंगे। सब कुछ इतना नजदीक हो जाएगा कभी सोचा नहीं था। एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र का भी विकास तेजी से हो रहा है। 
  • बौनेर के किसान वीरपाल सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट से क्षेत्र का पूरा नजारा ही बदल गया है। बौनेर, भूड़ा किशनगढ़ी, पनैठी, खानगढ़ी आदि गांव का भी विकास हो रहा है। कभी इन गांवों में लोग बिजली, पानी सड़क के लिए तरसते थे। 
  • बौनेर के किसान जितेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि 11 मार्च की प्रतीक्षा है। सारे गांव में उत्सुकता है। बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों में भी खुशियां देखी जा रही है। एक हफ्ते से गांव में विमान उड़ने की ही चर्चा है। 

विज्ञापन

कारोबारियों को होगा लाभ

अलीगढ़ एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने से दूसरे शहरों को जाने वाले लोगों एवं कारोबारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और वे कुछ समय में ही बड़े शहरों का सफर तय कर सकेंगे। विस्तारीकरण के बाद एयरपोर्ट पर एयरबस -320 एवं बोइंग-737 जैसे सबसे बड़े विमान भी एयरपोर्ट पर उतर सकेंगे। अभी तक हवाई यात्रा के लिए व्यापारियों को दिल्ली, आगरा, लखनऊ तक की दौड़ लगानी पड़ती है। यहां से वे जेवर एयरपोर्ट पर भी आसानी से आ जा सकेगें।

आइए एक साथ ऊंची उड़ान भरें : विशाल गर्ग

बीडीके ग्रुप के एमडी विशाल गर्ग ने बताया कि फ्लाईबिग के सीएमडी कैप्टन संजय मंडाविया सोमवार सुबह अलीगढ़ पहुंच जाएंगें। उन्होंने बताया कि फ्लाईबिग एयरलाइंस बीडीके ग्रुप की सहयोगी कंपनी है। जिसके सहयोग से अलीगढ़ से 19 सीटर विमान उड़ने की जिम्मेदारी  मिली है। कंपनी की ओर से कॉमर्शियल, सुरक्षा एवं इंजीनियर विभाग ने व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर लिया गया है।  11 मार्च को कंपनी द्वारा अलीगढ़ से प्रथम उड़ान प्रस्थान समारोह दोपहर 12:30 बजे से होगा। लखनऊ से आने वाले विमान द्वारा जल नमस्कार की रस्म अदा की जाएगी। यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया जाएगा। लखनऊ जाने वाली प्रथम उड़ान में प्रथम यात्री को बिग-बोर्डिंग पास देकर स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी जाएंगी। 

विशाल गर्ग ने बताया कि अगली फ्लाइट 14 मार्च को प्रस्थान करेगी। लखनऊ से दोपहर 12:20 बजे उड़ कर दोपहर 01:50 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। जबकि अलीगढ़ से दोपहर 02:15 बजे लखनऊ की उड़ान जाएगी। सप्ताह में तीन दिन लखनऊ से अलीगढ़ आगमन व अलीगढ़ से लखनऊ प्रस्थान जारी रहेगा। इसके बाद जल्द ही कंपनी द्वारा प्रतिदिन सुबह लखनऊ प्रस्थान व सायं लखनऊ से अलीगढ़ आगमन की उड़ान रहेगी। दूसरे चरण में अलीगढ़ से दूसरे शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू की जाएगी।  
हमारे शहर से उड़ान शुरू होने जा रही है। मैं भी लखनऊ से अलीगढ़ आने वाली पहली उड़ान का गवाह बनूंगा। ये सुविधा शहर के विकास में एक रफ्तार का काम करेगी। अभी लखनऊ के लिए शुरुआत हो रही है। अन्य शहरों के लिए भी हो।-सुमित सराफ, उद्यमी
हमारे शहर के विकास के लिए हवाई उड़ान की सुविधा मील का पत्थर साबित होगी। अब आने वाले चंद दिनों में समूचा शहर यह देखेगा कि किस तरह शहर का औद्योगिक विकास हो रहा है। जरूरत है तो अन्य शहरों को भी उड़ान शुरू करने की।-प्रवीण मंगला, रीयल स्टेट कारोबारी
हमारे शहर से हवाई यात्रा की शुरुआत बेहद सुखद बात है। इससे बड़ा हर्ष का विषय और क्या हो सकता है। इससे हर कीमत पर औद्योगिक विकास की रफ्तार बढ़ेगी और हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।-धनजीत वाडरा, निर्यातक
ये बेहद उम्दा कदम है। हमारी जरूरत को ध्यान में रखकर सरकार का निर्णय सराहनीय है। साथ में हमारी मांग है कि जिस तरह से लखनऊ को ये सुविधा शुरू की है। उसी तरह यहां से दिल्ली को भी ये सुविधा शुरू की जाए।-तरुण सक्सेना, निर्यातक
शहर से हवाई यात्रा शुरू होने पर रीयल स्टेट के कारोबारी बेहद सुखद महसूस कर रहे हैं। अब अपने काम एक दिन में निपटाकर हम लौट सकेंगे। इससे शहर का कारोबारी विकास भी होगा, जो आने वाले समय में देखने को मिलेगा।-राजीव शर्मा, बिल्डर
शहर से लखनऊ की हवाई यात्रा शुरू होने जा रही है। आने वाली पहली फ्लाइट की यात्रा का मैं गवाह बनूंगा। इससे सुखद और कोई बात नहीं हो सकती। अब इसी तरह दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों को भी उड़ान शुरू हो।-संजय माहेश्वरी, शेयर एक्सपर्ट
विज्ञापन

हवाई यात्रा से पहले रखें ध्यान

  • आधार कार्ड, आईडी और बोर्डिंग (टिकट) पास हमेशा साथ में होने चाहिए, एयरपोर्ट में प्रवेश करने से लेकर हवाई जहाज में बैठने तक इसकी जरूरत पड़ती है।
  • एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट के तय समय से कम से कम डेढ़ घंटा पहले पहुंचे, क्योंकि चेक इन और एंट्री में कई बार काफी समय लग जाता है। अपने बैग को हलका ही रखें। कभी भी बड़ा बैग न ले जाएं। 
  • एक यात्री अधिकतम सात किलो ग्राम वजन तक ले जा सकेगा साथ। इससे अधिक वजन पर लगेगा अतिरिक्त किराया। 

खास बातें
  • फ्लाइट की जानकारी के लिए फ्लाईबिग कंपनी का नंबर 91-9910655655 है
  • हवाई अड्डा के टिकट कार्यालय का नंबर- 91-5712974755
  • ई-मेल आईडी:-guest.relations@flybig.in
  • लखनऊ से अलीगढ़ व यहां से लखनऊ की पहले दिन की सभी टिकटें बुक 

अलीगढ़-एयरपोर्ट अब तक
  • वर्ष 2015 में रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत धनीपुर एयरपोर्ट पर शुरू हुआ था काम 
  • तीन साल तक हुआ भूमि अधिग्रहण का कार्य हुआ, वर्ष 2018 में शुरू हो पाया निर्माण कार्य 
  • रनवे के लिए 675 एकड़ भूमि की मांग, 300 एकड़ का अधिग्रहण पूरा, 376 एकड़ में जारी है 
  • केंद्र सरकार एवं विमान पत्तन प्राधिकरण ने पहली जनवरी 2024 को जारी किया था लाइसेंस 
  • एयरपोर्ट विस्तारीकरण पर करीब 60 करोड़ खर्च, जिसमें अधिग्रहण व निर्माण कार्य शामिल
  • अलीगढ़ एयरपोर्ट पर करीब 110 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि अब तक हो चुकी है खर्च
  • एयरपोर्ट पर 19 सीटर के बाद 90 सीटर, एयरबस-320 एवं बोइंग-737 विमान उड़ेंगे 
  • छह साल से चला आ रहा था उड़ान शुरू होने का इंतजार, सभी को मिलेगा लाभ
  • हवाई यात्रा के लिए व्यापारियों को दिल्ली, आगरा, लखनऊ की दौड़ लगानी पड़ती थी
  • अलीगढ़ आजमगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट समेत पांच शहरों से शुरू होगी उड़ान 
  • उड़ान के लिए निजी कंपनी फ्लाईबिग से किया गया है अनुबंध, कंपनी ने संभाला कार्यभार 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें