डेंगू से जिले में इस बार पहली मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन उपेंद्र भान पचौरी के भतीजे अंकित पचौरी (25) की डेंगू के चलते शुक्रवार की रात को मौत हो गई। वह दो दिन से रामघाट रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती थे। यहां पर तबियत बिगड़ने पर नोएडा के फोर्टिस के लिए रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
क्वार्सी के वैष्णो एन्क्लेव में रहने वाले अंकित पचौरी ने एमबीए किया था और नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करते थे। उनके पिता अजेंद्र भान पचौरी अधिवक्ता हैं। उनके ताऊ उपेंद्र भान पचौरी सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन रहे हैं। 12 सितंबर को अंकित की तबियत खराब हो जाने पर उन्हें रामघाट रोड स्थित एक नर्सिंग होम ले जाया गया।
यहां पर उन्हें डेंगू बताया गया और उसका उपचार शुरू किया गया। 13 सितंबर की रात को अंकित की तबियत और भी खराब हो गई। इसके बाद नर्सिंग होम के डाक्टरों ने अंकित को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल के लिए रेफर कर वहां ले जाने के लिए कहा। परिजन अंकित को नोएडा ले जा रहे थे, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूसरी ओर डेंगू से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सभी सरकारी अस्पतालों में डेंगू से बचाव के इंतजाम करने के लिए कहा गया है। डेंगू वार्ड बनाने और प्लेटलेट्स आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं।