जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कलक्ट्रेट से मतदाता जागरूकता एलईडी वाहन को झंडी दिखा कर रवाना किया। यह सभी विधानसभाओं में जाकर ईवीएम संचालन के प्रति जागरूक करेगी।
स्टेडियम में बने भारत के मानचित्र ने मनमोहा
स्टेडियम में बने भारत के मानचित्र ने सभी का मनमोह लिया। छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता के लिए प्रभात फेरी निकाली एवं वाद विवाद प्रतियोगिता, ड्राइंग पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, नाटक प्रतियोगिता एवं मंच पर मतदान के लिए जागरूक करने के कार्यक्रमों का आयोजन किए। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आए प्रतिभागियों को डीएम ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अकराबाद, मडराक एवं धनीपुर, हिन्दू इंटर कालेज, डीएवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। धर्म समाज महाविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने मतदान के महत्व पर लघु नाटिका का मंचन किया।
शत-प्रतिशत मतदान के लिए दिलाई शपथ
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कलेक्ट्रेट एवं स्टेडियम में शत-प्रतिशत मतदान के लिए शपथ दिलाई। शपथ दिलाते हुए कहा कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदाता दिवस पर सीडीओ आकांक्षा राना, डीडीओ आलोक आर्या, बीएसए राकेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट रमा शंकर, एसडीएम के बी सिंह, एसीएम बिजेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, प्रियंका शर्मा नायब तहसीलदार कोल, एडीआईओएस मनोरमा ठाकुर, ईवीएम प्रशिक्षण देने वाले शाहबुद्दीन आदि मौजूद रहे।