सोशल मीडिया हमारे जीवन का हिस्सा बन चुका है। हम अपनी भावनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम जैसे न जाने कितने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि कई बार इन माध्यमों के जरिए हम ठगी का शिकार भी हो जाते हैं और ऐसी ही एक घटना घटी है नेशनल मीडिया क्लब के अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता सचिन अवस्थी के साथ।
दरअसल उनका निजी फेसबुक अकाउंट किसी हैकर ने हैक कर लिया है और उनके वेरिफाइड फेसबुक पेज का सारा डाटा चोरी कर लिया है। सचिन अवस्थी वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। इस घटना के बाद से सचिन अवस्थी काफी चितिंत हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटना वाकई चिंता का विषय है। सरकार को सोशल मीडिया को सभी के लिए सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कानून बनाने होंगे।
सचिन अवस्थी का कहना है की देश के उन सभी समाज सेवियों को हैकर्स निशाना बना रहे हैं जो राष्ट्र निर्माण के कार्य पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने बताया कि नोएडा में साइबर सेल को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। उन्हें उम्मीद है कि साइबर सेल तत्काल इस मामले को सुलझा लेगी। वहीं सचिन अवस्थी ने बताया कि फेसबुक को कई मेल करने के बावजूद अभी तक कोई हल नहीं मिल पाया है और हैकर लगातार उनके पेज से कुछ ना कुछ गतिविधियां कर रहे हैं।
बता दें कि सचिन अवस्थी जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्हें वर्ष 2020 में ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड और वर्ष 2020 में ही प्रतिष्ठित ह्यूमैनिटेरियन एक्सीलेंस अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
गंगा को पवित्र रखने की पहल करते हुए अवस्थी ने हरिद्वार से वाराणसी तक 5 दिनों की वंदे गंगे यात्रा निकाली थी जिसकी सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी। स्वच्छ भारत अभियान की दिशा में सचिन अवस्थी के काम की प्रशंसा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कर चुके हैं।