एटा चुंगी चौराहे पर राष्ट्रगान करते हुए अलीगढ़वासी
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला के मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम के दो प्रमुख आयोजनों के बाद तीसरा आयोजन 15 अगस्त को आयोजित हुआ। सुबह ठीक दस बजे अलीगढ़ के 35 प्रमुख चौराहों पर एक साथ राष्ट्रगान हुआ और पूरा शहर राष्ट्रगान से गुंजायमान हो गया।
अमर उजाला द्वारा 15 अगस्त पर प्रतिवर्ष जश्न-ए-आजादी के लिए मां तुझे प्रणाम का आयोजन किया जाता है, जिसमें शहरवासी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इसी क्रम में 10 अगस्त को मशाल यात्रा और 12 अगस्त को शहर के सेंटर प्वाइंट चौराहे पर अतुल पंडित रॉक बैंड द्वारा देशभक्ति के गीत गाए गए। दोनों आयोजनों के बाद अब तीसरा आयोजन स्वतंत्रता दिवस के दिन हुआ।
शहर के 35 चौराहों को तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारों और झंडों से सजाया गया। देशभक्ति गीत लगातार साउंड सिस्टम पर चल रहे थे। अलीगढ़वासी हाथों में भारतीय ध्वज लेकर चौराहे पर इकट्ठा हुए। जैसे ही घड़ी में 10 बजे, वैसे ही ध्वजारोहण के साथ जन गण मन अधिनायक जय है... शुरू हो गया। राष्ट्रगान की समाप्ति के बाद लोगों ने भारत माता की जय और वंदेमातरम् के नारे लगाने लगे।