इस घटना की खबर खुद बच्ची के मां-बाप ने शाम छह बजे कोतवाली पहुंचकर दी। उसी दौरान पुलिस ने गुमशुदगी तहरीर लेकर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया। अतिसंवेदनशील इलाका होने के चलते कोतवाली क्षेत्र लगे सीसीटीवी की मदद से बच्ची की तलाश शुरू कर दी। जब सीसीटीवी ने दोपहर एक बजे बच्ची को उसी गली में जाने की गवाही दी और एक पड़ोसी ने इसकी तस्दीक की तो बच्ची के परिवार से पड़ोसी परिवार के विषय में जानकारी जुटाई। सुआलीन की दिन भर की गतिविधियों पर मां ने जानकारी दी।
इसके बाद सुआलीन सहित तीनों भाइयों रिजवान व अतीक को हिरासत में लिया। उनके घर की तलाशी में बच्ची मिल गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या, पॉक्सो व दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर मुकदमा तरमीम कर लिया। देर रात आरोपी ने हत्या करना स्वीकारते हुए बताया कि उसकी साजिश रात में शव ठिकाने लगाने की थी। इसी मंशा से शव बोरे में बंद किया और मुंह व गलादबाकर उसे मारा था। पहले तो वह बता रहा था कि गुटखा मंगाने के लिए दिए पूरे बीस रुपये खर्च करने की बात पर गुस्सा आने पर मारा है। मगर यह बात पुलिस को समझ नहीं आ रही। मगर इतना जरूर है कि अगर शव रात में ठिकाने लगा देता तो शायद राज न खुलता। अगर पुलिस थोड़ी देर कर देती और इस तरफ ध्यान न जाता तो शायद रहस्य बना रह जाता।
एक ही समुदाय से होने पर पुलिस को मिली राहत
शहर के अतिसंवेदनशील, घने व मिश्रित आबादी वाले इलाके में इस वारदात पर सबसे अधिक तनाव पुलिस के चेहरे पर दिखा। खबर पर कुछ ही देर में वहां सपा, बसपा व भाजपा नेता पहुंच गए। भीड़ जमा हो गई। मगर चंद घंटों में यह उजागर हुआ कि दोनों पक्ष एक ही समुदाय से हैं तो पुलिस ने राहत महसूस की। बाद में घटना का खुलासा लगभग होता देख पुलिस ने मौके से व जिला अस्पताल में जमा भीड़ को भी हटा दिया। इस दौरान बसपा नेता व मेयर प्रत्याशी रहे सलमान शाहिद, सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, युवा सभा के महानगर अध्यक्ष आमिर आबिद, पार्षद मोहम्मद सूफियान, इरफान खान, अब्दुल, भाजपा नेता विनय वाष्र्णेय, नईम, नदीम आदि पहुंच गए। सभी ने पीडि़त परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस घटना में सबसे बुरा हाल मां व बहन का है। दोनों के आंसू थम नहीं पा रहे। मां तो रोते हुए कई बार बेहोश हो गई। हालांकि इस परिवार के आर्थिक हालात बहुत ठीक नहीं हैं। कई बार पारिवारिक रिश्तेदारों की मदद भी लेनी पड़ती रही है। जिस मकान में यह परिवार किराये पर रहता है, उसके स्वामी भी इस परिवार के करीबी रिश्तेदार हैं। वहां से भी अक्सर मदद मिलती रही है। मगर बच्ची की हत्या के बाद से सभी स्तब्ध हैं।
तहरीर में तीनों भाई नामजद, दुष्कर्म का अंदेशा
इस घटना के संबंध में पिता की ओर से दूसरी तहरीर दी गई है। जिसमें पड़ोसी के तीनों बेटों को नामजद किया है। कहा है कि बेटी सुबह से गायब थी। देर शाम शक होने पर उन तीनों के घर में देखा तो उसकी लाश मिली। अंदेशा जताते हुए कहा है कि दुष्कर्म के बाद उसकी बेटी की हत्या की गई है। इस तहरीर के आधार पर गुमशुदगी के मुकदमे को तरमीम किया जा रहा है।
बच्ची के गायब होने की सूचना के चंद घंटे में पुलिस ने घटना को अनावरण किया है। शव बरामद कर उसकी हत्या के आरोपी पड़ोसी सुआलीन को हिरासत में लिया है। उसके दो भाई भी हिरासत में हैं। दोनों पक्ष एक ही धर्म से हैं।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी