सासनीगेट क्षेत्र के मोहल्ला सराय मान सिंह में एक हार्डवेयर फैक्ट्री के चौकीदार की नृशंस हत्या कर दी गई। शव जिस हाल में मिला है और मौके पर जिस तरह के साक्ष्य मिले हैं, उससे लग रहा है कि चौकीदार की हत्या किसी नजदीकी ने की है। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस हत्या के कारणों में अवैध संबंध और पहले की हुई रंजिश को वजह मानकर चल रही है।
फर्रूखाबाद निवासी 40 वर्षीय बलवीर पुत्र हरपाल सराय मान स्थित फैक्ट्री में चौकीदार था। यहां पर वह पिछले 10 वर्षों से काम कर रहा था। फैक्ट्री के मालिक अनिल अग्रवाल नोएडा रहते हैं। पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात फैक्ट्री के अंदर कुछ बदमाश घुसे। इनका प्र्रतिरोध करने के चलते बदमाशों ने चौकीदार की गला रेत कर हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह जब एक फैक्ट्री कर्मचारी लक्ष्मण वहां पर पहुंचा।
जब उसने फैक्ट्री का दरवाजा खटखटाया तो वह अपने आप खुल गया। लक्ष्मण ने जब फैक्ट्री के अंदर दूसरी मंजिल पर जाकर देखा तो बलवीर का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। उसकी गला रेत तक हत्या कर दी गई थी। लक्ष्मण ने इसकी सूचना बलवीर के भाई सुखवीर को दी। सूचना पर पुलिस भी वहां आ गई और फैक्ट्री मालिक को भी बुला लिया गया।
नजदीकी पर क्यों है हत्या का शक?सबसे पहली बात तो यह कि पुलिस को घटनास्थल के पास से शराब के खाली क्वार्टर और बरूले मिले हैं। यानि हत्या से पहले चौकीदार के साथ बैठकर शराब पी गई है। जाहिर सी बात है कि साथ बैठकर शराब पीने वाला कोई परिचित ही होगा। इसके अलावा चौकीदार अविवाहित था। इस स्थिति में पुलिस अवैध संबंधों के शक में हत्या के एंगल पर भी काम कर रही है। शव के पास थैली में ही दाल और कागज में रोटियां लिपटी मिली हैं। जाहिर है कि उसकी हत्या खाना खाने से पहले ही कर दी गई।
‘चौकीदार की हत्या के मामले का खुलासा किए जाने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है पूर्व में हुई रंजिश और अवैध संबंधों की लाइन पर ही पुलिस पड़ताल कर रही है।’-विनोद यादव, एसओ, सासनी गेट