ऑपरेशन मुनीर में जुटी यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी। एसटीएफ ने पचास हजार के इनामी और एनआईए अफसर तंजील अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुनीर के साथी शूटर अतीउल्ला उर्फ अती जैक्शन को मंगलवार रात बन्नादेवी के बरौला इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से पश्चिमी चंपारण के बिहार का रहने वाला अतीउल्ला सिविल लाइंस के चर्चित हार्डवेयर कारोबारी फहद हत्याकांड से फरार चल रहा था और नेपाल के पोखर में फरारी काट रहा था। खास बात है कि उसने मुनीर को नेपाल में शरण दिलाने की बात भी स्वीकारी है। इस जानकारी के बाद देश की कई एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ कर कुछ राज उगलवाए हैं।
महानगर के लालडिग्गी इलाके में पत्नी संग बाइक पर जा रहे कारोबारी फहद निवासी अमीर निशा की 20 अक्तूबर 2014 की देर शाम हत्या के बाद से फरार चल रहे अतीउल्ला पुत्र अब्दुल्ला अंसारी निवासी बलदारी टघेला सर्रिया मुफसिल बेतिया जिला पश्चिमी चंपारण बिहार मूल रूप से चंपारण जनपद का रहने वाला है।
यहां एक निजी कॉलेज से डिप्लोमा इंजीनियरिंग करने के दौरान वह पुरानी चुंगी इलाके में अपने गांव व परिवार के युवकों संग रहता था। तभी एएमयू छात्र संघ चुनाव में बिजनौर के मंजर की कैंपेनिंग में उनका ग्रुप तैयार हुआ। इस ग्रुप में मुनीर, आशुतोष मिश्रा, खुद अतीउल्ला, तारिक, शादाब आदि शामिल थे और इसे किलिंग मशीन ए कंपनी नाम दिया गया। आशुतोष मिश्रा व आलमीर गुट के बीच हुए झगड़ों में आपराधिक दुनिया में कदम रखने के बाद इन पर मुकदमे लगते चले गए और फरारी के दौरान ही फहद की हत्या की। अतीउल्ला पर सिविल लाइंस थाने में 9 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस से 5 हजार के अलावा आईजी ने 15 और डीजीपी ने एक दिन पहले ही 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
उसके मुनीर कनेक्शन व मुनीर को नेपाल में शरण दिलाने की सटीक मुखबिरी पर एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने उसका पीछा शुरू किया।
पता चला कि वह नेपाल के पोखर में ठहरा हुआ है तो टीम वहां तक गई और पीछा करते हुए मंगलवार रात डेढ़ बजे बन्नादेवी पुलिस की मदद से बरौला पुल के पास घेर लिया। जहां मुठभेड़ के बाद उसे दबोच लिया गया गया। उसके पास से एक पिस्टल 32 बोर, कारतूस, स्पलेंडर बाइक आदि बरामद हुई है। इस गिरफ्तारी संबंधी दो मुकदमे बन्नादेवी में दर्ज कराए गए हैं। उसकी गिरफ्तारी की खबर पर एसटीएफ के सीओ राजकुमार मिश्रा के अलावा एटीएस, एनआईए, दिल्ली की स्पेशल सेल आदि टीमों ने आकर उससे पूछताछ की। एसएसपी एसटीएफ अमित पाठक ने भी टीम की पीठ ठोंकी है।