मलखान सिंह जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रामकिशन द्वारा वरिष्ठ सहायक मीना कुमारी के साथ हुई घटना पर खेद प्रकट किया गया है। इसके बाद उनके कार्यालय के समक्ष तीन दिन से चल रहा धरना समाप्त हो गया है। एडी हेल्थ के हस्तक्षेप के बाद यह टकराव टल गया है।
जिला अस्पताल की वरिष्ठ सहायक मीना कुमारी ने सीएमएस डॉ. रामकिशन पर अभद्रता एवं डांटने का आरोप लगाया था, जिसकी वजह से वह बेहोश हो गई थीं। इसके विरोध में यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा सीएमएस कार्यालय के समक्ष तीन दिन पहले अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया था। एसोसिएशन द्वारा सीएमएस को पद से हटाने की मांग की जा रही थी। करीब आधा दर्जन संगठनों द्वारा धरना को समर्थन दिया गया था।
बृहस्पतिवार को एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय ने सीएमएस, वरिष्ठ सहायक एवं कर्मचारी संघ के नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया था। सीएमएस डॉ. रामकिशन द्वारा मीना कुमारी प्रकरण में खेद प्रकट किया गया। शुक्रवार को एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और सीएमएस के साथ ही कर्मचारी संघ के नेताओं के साथ बातचीत की। सीएमएस डॉ. रामकिशन द्वारा लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। सीएमएस ने खेद प्रकट करने के साथ ही इस प्रकरण में किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने, कार्यालय में लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और लिपकीय कार्य को लिपिकों से ही कराने का आश्वासन दिया है।