10 मार्च को विधानसभा चुनाव की होने वाली मतगणना में सांसद, जनप्रतिनिधि या किसी तरह की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति भी मतगणना में एजेंट नहीं बन सकेंगे। इतना ही नहीं आपराधिक छवि वाले व्यक्तियों को भी एजेंट नहीं बनाया जाएगा। पार्टियों व चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों से मतगणना एजेंटों की सूची तलब कर ली गई है। इनका पहले पुलिस स्तर से सत्यापन कराया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि रिटर्निंग अफसर एवं प्रभारी अधिकारियों को मतगणना के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुरक्षा प्रबंधों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
विधानसभावार मतगणना के लिए चिह्नित स्थान पर नक्शे के अनुसार फ्लैक्स, बैरिकेडिंग, साउंड, जाली एवं स्टील सीट से कवर्ड, मतगणना स्थल पर प्रेक्षकगण, जिलाधिकारी कक्ष, मीडिया सेंटर, चिकित्सा कैंप एवं निर्वाचन कार्यालय आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। ईवीएम में डाले गए मतों की गिनती के लिए प्रत्येक विधानसभा में 14-14 टेबल एवं डाक मतपत्रों की गिनती के लिए चार-चार टेबल लगायी जाएंगी। पोस्टल बैलेट की स्कैनिंग के लिए टेबल का निर्धारण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि खैर विधानसभा में डाक मतपत्रों की स्कैनिंग के लिए चार, बरौली में एक, अतरौली में दो, छर्रा, कोल व शहर में एक-एक, इगलास में चार टेबल लगाई जाएंगी। इनकोर पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग के लिए बीएसएनएल की लीज लाइन का प्रयोग किया जाएगा।
मतगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज
चुनाव आयोग के निर्देश पर विधानसभा चुनाव की 10 मार्च को होने वाली मतगणना के लिए प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि चार मार्च को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक व आठ मार्च को अपराह्न 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतगणना में लगे कार्मिकों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर पांच व आठ मार्च को कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल ऊदला मोड़, फल मंडी पर प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में ईवीएम व वीवी पैट के मास्टर ट्रेनरों को मतगणना संबंधी पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें प्रथम चरण में चार मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से व अपराह्न दो बजे से शाम चार बजे तक द्वितीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। पोस्टल बैलेट कार्मिकों को दोपहर एक बजे से ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने को प्रशासन पूरी तरह से संकल्पित हैं।