इगलास कस्बे की दो महिलाओं सहित एक युवक की अलीगढ़ मार्ग पर दुर्घटना में मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित लोगों ने नगर के चौराहे पर आधा घंटे तक जाम लगाकर पथराव किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जाम खुलवाने के साथ ही घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घनश्याम सिंह निवासी गोपाल पुरी पटवारियान मुहल्ला, इगलास ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि शुक्रवार को जसवंत सिंह अपनी पत्नी मंजू को साथ लेकर उसकी ननिहाल कोंड़रा गमी में घूमने जा रहा था। अलीगढ़ मार्ग पर बीएल नरायन कोल्ड स्टोर के पास जसवंत की मां ओमवती पटरी पर खड़ी थी। जबकि जसवंत भी अपनी पत्नी के साथ वाहन के इंतजार में खड़ा था। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर टाटा 407 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए तीनों को रौंद दिया जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना की सूचना पर परिजनों व अन्य लोगों ने नगर के चौराहे पर जाम लगा दिया। जाम लगा रहे लोगों का कहना था कि पुलिस ने मौत के बाद परिजनों को भी मौके पर नहीं आने दिया और इससे पूर्व ही शवों को पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया। वहीं पुलिस का कहना था कि महिलाओं की सांसें चल रही थी, इस कारण तुरंत उपचार के लिए उनको भिजवा गया। मौके पर पहुंचे सीओ देवेन्द्र कुमार, कोतवाल राजवीर सिंह, उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह ने समझा-बुझाकर आधे घंटे बाद जाम खुलवा दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों द्वारा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी के साथ ही पथराव भी किया।