अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में 22 दिसंबर को ऑनलाइन संबोधन करेंगे। इस दौरान वह शताब्दी वर्ष पर विशेष डाक टिकट का भी विमोचन करेंगे। इधर, विश्वविद्यालय प्रशासन प्रधानमंत्री के ऑनलाइन संबोधन कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गया है।
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के लिए राष्ट्रीय सूचना केंद्र द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को एक लिंक भेजा जाएगा। इसी लिंक के माध्यम से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक की कनेक्टिविटी हो पाएगी। इसके अलावा अन्य किसी एप या वेबसाइट के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन के लिए लिंक अप नहीं किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई ने बताया कि पीएम के ऑनलाइन संबोधन के लिए अभी समय निर्धारित नहीं है।
22 दिसंबर को किस समय संबोधन होगा, इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से मिनट टू मिनट कार्यक्रम विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, विश्वविद्यालय में इस बात की तैयारियां की जा रही हैं कि प्रधानमंत्री के ऑनलाइन संबोधन के दौरान व्यवस्था निर्बाध बनी रहे। इसके लिए विश्वविद्यालय के तकनीशियनों को निर्देशित कर दिया गया है। साथ ही कनेक्टिविटी या अन्य कोई समस्या न आए, इसके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।