कृषि कानून वापस लेने के फैसले से हिंदू महासभा सहमत नहीं है। असहमति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो महासभा कार्यालय से हटने पर चर्चा का बाजार गरम है।
अखिल भारत हिंदू महासभा कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो गायब हो गया है। गृहमंत्री अमित शाह का फोटो अभी भी लगा हुआ है। कृषि कानून वापस लेने के फैसले से हिंदू महासभा सहमत नहीं है। असहमति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो महासभा कार्यालय से हटने पर चर्चा का बाजार गरम है।
विज्ञापन
हालांकि हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय का कहना है कि फोटो का हटना महज संयोग है। कृषि कानून से इसका कोई संबंध नहीं है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का फोटो लगा था। यहां वीर सावरकर का फोटो था, जिसे फटने के बाद हटा दिया गया था। आज सावरकर का फोटो आ गया है। उसे नरेंद्र मोदी की जगह पर लगा दिया है। कुछ लोग इसको गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।
रामायण एक्सप्रेस में संन्यासी वेश में बैरा रखने का विरोध
अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव एवं पंचदशनाम निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर डॉ. पूजा शकुन पांडेय (डॉ. अन्नपूर्णा भारती) ने कहा कि भारत सरकार ने हाल ही में रामायण एक्सप्रेस ट्रेन चलाई है। उसमें काम करने वाले कर्मचारियों को साधू-संन्यासी के वेश धारण कराकर उनसे जूठे बर्तन उठाने जैसे कार्य करवाया जा रहा है। यह सनातन संन्यासी परंपरा की वेशभूषा का अपमान है।
विज्ञापन
महासभा कार्यालय पर डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने कहा कि सरकार तत्काल इसका संज्ञान ले एवं संबंधित विभाग पर कठोर कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई ऐसी गलती न करे। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा संन्यासियों पर की गई टिप्पणी पर डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने तीखी प्रक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संन्यासी एवं सनातन धर्म पर टिप्पणी हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। शास्त्र उठाने वाले हाथों ने शस्त्र उठा लिया तो परिणाम नहीं झेल पाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्रपाल सिंह आर्य, जयवीर शर्मा, अशोक पांडेय आदि मौजूद थे।
कृषि कानून वापस लेना सरकार का गलत निर्णय है। आज सरकार को आंदोलनकारियों के आगे झुकना पड़ा है, जिन्हें खालिस्तानी एवं अलगाववादी बताया जा रहा था। इस निर्णय से हमारा मनोबल गिरा है।