शुक्रवार की रात करीब 11 बजे कस्बे के लोधीनगर में एक महिला की शिकायत पर जांच करने पहुंचे सिपाहियों को आठ लोगों ने घेर लिया। सिपाहियों से धक्का मुक्की करते हुए एक सिपाही की वर्दी फाड़ दी और रिवाल्वर छीन लिया।
सिपाही ने पीछा कर रिवाल्वर लेकर भाग रहे युवक से रिवाल्वर बरामद कर ली। इस मामले में सात नामजद के अलावा आठ अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज हुई। सातों नामजद आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
छर्रा कस्बा निवासी एक महिला ने शुक्रवार की देर शाम दो युवकों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, छेड़खानी की तहरीर दी थी। बताया कि वह दवा लेने जा रही थीं तभी उनके साथ यह घटना हुई। इस पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे कोतवाली से सिपाही मोहन सिंह, अरुण यादव और होमगार्ड लालाराम जांच करने पहुंचे थे।
वहां एकत्रित भीड़ ने सिपाहियों को घेर लिया। दहशत में होमगार्ड छिप गया। सिपाही मोहन सिंह से अभद्र व्यवहार, गालीगलौज करने के साथ ही लोगों ने उनकी वर्दी फाड़ दी। सरकारी रिवाल्वर छीनकर एक युवक भाग निकला। इस पर मोहन सिंह ने पीछा कर किसी तरह रिवाल्वर बरामद की।
सिपाही मोहन सिंह की ओर से विष्णु तिवारी पुत्र महेश चंद्र, साहिल पुत्र हसन खां, एहसान व अंसार पुत्रगण लियाकत, अफरोज पुत्र रमजानी, अरबाज पुत्र रहीस, हसन पुत्र साबुद्दीन के अलावा आठ अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कोतवाली निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के अनुसार विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
फटी हुई वर्दी भी सीलकर पुलिस ने आरोपियों के साथ न्यायालय में पेश की। उधर पकड़े गए युवकों के परिजनों का आरोप है कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस निर्दोष युवकों को फंसा रही है। रात में गिरफ्तारी के समय भी परिजनों से पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया।