फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमएलसी चुनाव : ऋषिपाल व जसवंत में होगा मुकाबला

विज्ञापन
नामांकन पत्र एडीएम सिटी राकेश पटेल को सौंपते सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
अलीगढ़-हाथरस सीट के स्थानीय निकाय (विधान परिषद) के चुनाव की सोमवार को तस्वीर साफ हो गई। भाजपा प्रत्याशी व पार्टी जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह और सपा-रालोद प्रत्याशी व मौजूदा एमएलसी जसवंत सिंह यादव ने कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में नामांकन कराने पहुंचे थे। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी भी की। नामांकन के बाद दोनों ही प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। एमएलसी चुनाव के लिए 14 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे, लेकिन निर्धारित समय तक कोई अन्य तीसरा प्रत्याशी नामांकन कराने नहीं पहुंचा था। इस दौरान कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
विज्ञापन

बीते दिनों चुनाव आयोग ने अलीगढ़-हाथरस समेत एमएलसी की 36 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था। नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू हुई थी और 21 मार्च को अंतिम दिन था। 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच व 24 मार्च को नाम वापसी हो सकेगी। नौ अप्रैल को मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना के बाद परिणाम घोषित होगा।
सोमवार को भाजपा प्रत्याशी चौधरी ऋषिपाल सिंह जीटी रोड स्थित रघुनाथ पैलेस से तस्वीर महल होते हुए राष्ट्रीय कार्यालय सचिव आरपी सिंह, लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, हाथरस सांसद राजवीर सिंह दिलेर, विधायक ठा. जयवीर सिंह, मंत्री संदीप सिंह, विधायक मुक्ता राजा, अनिल पाराशर, ठा. रवेंद्रपाल सिंह, अनूप वाल्मीकि, राजकुमार सहयोगी, निवर्तमान विधायक संजीव राजा, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह, शशि सिंह, चौधरी देवराज सिंह, शिवनारायण शर्मा, गौरव शर्मा, चंद्रमणि कौशिक आदि समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिलाधिकारी न्यायालय में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल के समक्ष तीन सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्येक नामांकन के साथ दस-दस प्रस्तावकों को भी पेश किया। प्रस्तावकों में दोनों सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य आदि शामिल रहे।
विज्ञापन

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव भी क्वार्सी चौराहा स्थित पार्टी कार्यालय से जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह, अज्जू इश्हाक, हाथरस से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती सिंह यादव, डॉ. ललित बघेल, भोला पहलवान, शैलेंद्र यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, महासचिव मनोज यादव, विनोद सविता, डॉ. रक्षपाल सिंह, अशोक यादव, कृपाल सिंह यादव, अहमद सईद, राजेश सैनी, संजय यादव, सुभाष लोधी, बाबा फरीद आजाद, सोमवीर सिंह, अर्जुन सिंह, लक्ष्मी धनगर, रामवती चौधरी आदि के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक सेट में नामांकन पत्र किया। नामांकन के बाद सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की भारी मतों से जीत होने का दावा किया।
अलीगढ़-हाथरस के 28 केंद्रों पर होगा मतदान
एमएलसी चुनाव के लिए अलीगढ़ के 20 व हाथरस के आठ केंद्रों को मतदेय स्थल बनाया गया है। यहां 3533 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें अलीगढ़ के 2310 व हाथरस के 1223 मतदाता शामिल हैं। अलीगढ़ में एक सांसद, एक महापौर, सात विधायक, दो एमएलसी, दो नगर पालिका अध्यक्ष, नौ नगर पंचायत अध्यक्ष, 70 नगर निगम के पार्षद, 50 नगर पालिका सदस्य, 104 नगर पंचायत सदस्य, 45 जिला पंचायत सदस्य, 1156 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 867 ग्राम प्रधान मतदान में भाग लेंगे। हाथरस में एक सांसद, तीन विधायक, दो नगर पालिका अध्यक्ष, 54 नगर पालिका सदस्य, सात नगर पंचायत अध्यक्ष, 84 नगर पंचायत सदस्य, नामित सदस्य, 24 जिला पंचायत सदस्य, 599 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 463 ग्राम प्रधान मतदान करेंगे।
भाजपाइयों की दिखी धमक
नामांकन के दौरान सत्ता दल के भाजपा प्रत्याशी चौधरी ऋषि पाल सिंह की धमक देखने को मिली। नामांकन के समय वे अपने तमाम समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे। इस दौरान सभी भाजपाई पहले कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में एकजुट हुए फिर यहां से नामांकन करने पहुंचे। इस दौरान अलीगढ़-हाथरस के सभी सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, बीडीसी, ग्राम प्रधान एवं पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रत्याशी के साथ नामांकन कक्ष में केवल दस प्रस्तावकों को ही जाने की अनुमति थी। इसके बावजूद तय से अधिक लोग नामांकन कक्ष में पहुंच गए थे।
केशव देव ने नामांकन लिया वापस
निर्दलीय प्रत्याशी पंडित केशव देव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। केशव देव का आरोप था कि जब चुनाव में आम आदमी उम्मीदवार बन सकता है तो फिर प्रस्तावक आम आदमी क्यों नहीं बन सकते ? उन्होंने आरोप लगाया कि यह चुनाव भ्रष्टाचार व खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देने वाला है।
कलेक्ट्रेट में रहे सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
नामांकन के दौरान तस्वीर महल व शमशाद मार्केट पर बैरिकेडिंग की गई थी। यहां के अलावा कलेक्ट्रेट तक पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह, सीओ तृतीय श्वेताभ पांडे, सीओ गभाना विनीत सिकरवार, नरेंद्र सैनी आदि भारी पुलिस फोर्स के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।
स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन के लिए प्रेक्षक की तैनाती
अलीगढ़-हाथरस स्थानीय निकाय चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने प्रेक्षक के रूप में आईएएस राजेंद्र प्रताप सिंह की तैनाती की है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि नौ अप्रैल को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को चुनाव आयोग के स्तर से प्रेक्षक की तैनाती की गई है। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के कमरा संख्या एक में उनसे मुुलाकात की जा सकती है। प्रेक्षक से मोबाइल नंबर 8446509512 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रेक्षक के लाइजनिंग ऑफिसर के रूप में जलाली के अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी की तैनाती की गई है। संवाद

नामांकन पत्र एडीएम सिटी राकेश पटेल को सौंपते भाजपा प्रत्याशी चौधरी ऋषिपाल सिंह। - फोटो : CITY OFFICE

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें