वोट डालने के बाद निशान को दिखाते रोहित केला, अनुभा, विजित, प्राची।
- फोटो : CITY OFFICE
आगरा खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए मंगलवार को जिले के 91 बूथों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। जिले में स्नातक का 41.03 फीसद और शिक्षक का 76.34 फीसद मतदान हुआ। स्नातक के 74 बूथों पर 47532 में से 19502 मतदाताओं ने मतदान किया। शिक्षक के 17 बूथों पर 4226 में से 3255 शिक्षकों ने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम को पांच बजे समाप्त हुआ। शिक्षक एमएलसी पद पर वोटरों की संख्या कम होने के कारण उनका मतदान प्रतिशत ज्यादा है।
इसके बाद पोलिंग अफसर अपने मजिस्ट्रेटों की निगरानी में धनीपुर मंडी पर मतपेटियों को जमा कराने पहुंचे। देर रात 9 बजे तक सभी केंद्रों की मतपेटियों को जमा हो गई थीं। लगभग 10 बजे एसडीएम कोल, एसडीएम इगलास और सीओ बरला भारी सुरक्षा बल के साथ मतपेटियों को आगरा स्थित मतगणना स्थल पर जमा कराने के लिए निकल गए।
जिले के सभी 91 बूथों पर मतदान तय समय पर सुबह आठ बजे भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू करा दिया गया। हालांकि सुबह सर्दी होने के चलते 10 बजे तक कम ही मतदाता निकले थे। इसके बाद जैसे-जैसे धूप गुनगुनी हुई, मतदाता मतदान केंद्रों की ओर पहुंचने लगे। सुबह 10 से शाम 4 बजे के बीच स्नातक के 30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तो वहीं, शिक्षक पद पर इस दौरान 62 फीसदी वोट डाला गया। शाम चार से पांच बजे के बीच एक घंटे में स्नातक के लिए आठ और शिक्षक के लिए 10 प्रतिशत मतदान हुआ।
यूं चला मतदान का पहिया
10 बजे तक मतदान
स्नातक - 3.75 फीसद
शिक्षक - 4.46 फीसद
12 बजे तक मतदान
स्नातक - 14.36 फीसद
शिक्षक - 25.96 फीसद
02 बजे तक मतदान
स्नातक - 24.21 फीसद
शिक्षक - 51.50 फीसद
04 बजे तक मतदान
स्नातक - 33.95 फीसद
शिक्षक - 66.79 फीसद
05 बजे तक मतदान
स्नातक - 41.03 फीसद
शिक्षक - 76.34 फीसद