बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास (डेमो)
- फोटो : Social media
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गांव के ही एक व्यक्ति ने दस वर्षीय बालिका का अपहरण कर घर ले जाकर दुराचार का प्रयास किया। वो तो बालिका के परिजन उसे खोजते हुए समय रहते मौके पर पहुँच गए। जिन्हें देखकर आरोपी भाग गया। परिजन कोतवाली खैर में जब शिकायत करने गए तो उनकी नहीं सुनी गई।
जिस पर परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्यवाही की मांग की। उनके आदेश पर कोतवाली में आरोपी रन्नू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित बालिका की मां ने रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि उसने 20 सितंबर की रात्रि 8 बजे अपनी पुत्री को गांव में स्थित दुकान से चीनी लेने के लिए भेजा था, परन्तु उनकी बेटी काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उन्हें चिंता हुई।
जब दुकान पर जाकर पूछा तो दुकानदार ने बालिका के दुकान पर न आने की बात बताई। जिस पर ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव में ही बालिका को तलाशने लगे तो एक मकान में गांव का ही एक व्यक्ति बालिका के साथ गलत काम कर रहा था। उन्होंने शोर मचा दिया जिस पर आरोपी भाग गया। लड़की की हालत गंभीर देख उसे मां घर ले गई।
बाद में शिकायत लेकर कोतवाली गए और कार्यवाही की मांग की। आरोप है कि खैर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की औऱ न ही कोई कार्यवाही की। जिस पर पीड़ित के परिजन रविवार को पुलिस कप्तान से मिले और कार्यवाही की गुहार लगाई थी। मामले में इंस्पेक्टर ने बताया कि पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है जांच कर कार्यवाही की जाएगी।