प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर के कार्यक्रम में शिरकत करने वाले मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं को आरटीपीसीआर जांच की रिपोर्ट साथ लेकर आनी होगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं की मौके पर ही कोरोना जांच की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को लोधा में आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम में कोविड-19 प्रोटोकॉल का भी पालन कराया जाएगा। बाहर से आने वाले मंत्री, सांसद, विधायक एवं पदाधिकारियों को आरटीपीसीआर जांच कराकर आने के लिए कहा गया है। जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं को मौके पर जांच करानी होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार उपाध्याय ने बताया कि 12 सितंबर से लोधा सहित तीन स्थानों पर जांच की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर कोविड हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। सैनिटाइजर एवं मास्क आदि का इंतजाम होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को मास्क लगाकर आना है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए अलीगढ़ के अतिरिक्त आगरा एवं मेरठ मंडल के जनपदों से एंबुलेंस मंगाई जा रही है।
14 तक अवकाश पर रोक
अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कार्यालय के चिकित्सक, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। 14 सितंबर तक किसी को अवकाश पर नहीं जाना है।