1-चार धाम यात्रा
नुमाइश मैदान में देव द्वार के पास चार धाम तीर्थ की प्रतिकृति तैयार की गई है। इसमें अंदर प्रवेश करके लोगों को चार धाम तीर्थ में पहुंचने जैसा अनुभव होगा।
2- फिश टनल
इस टनल जैसी संरचना के अंदर जाकर दर्शक थाईलैंड, जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया की मछलियों का बेहद नजदीक से दीदार कर सकेंगे। बच्चों के साथ-साथ यह बड़ों के लिए भी आकर्षण का खास केंद्र होगा।
3-पुस्तक मेला
साहित्य और पुस्तक प्रेमियों के लिए इस बार नुमाइश के दरबार हॉल में पुस्तक मेला का आयोजन किया गया है। यहां पर साहित्य, कहानी, संस्मरण आदि पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी।
4- फ्लॉवर शो
फूलों की प्रदर्शनी भी इस बार देखने वालों के लिए खास आकषर्ण होगा। पुष्प प्रदर्शनी के साथ ही प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, इसमें अलग-अलग श्रेणियों में पुष्प उत्पादकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
राजकीय कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी की सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम होने लगे हैं। परंपरागत व्यवस्था के अनुसार यहां छह थाने और एक दर्जन चौकी स्थापित कर उन पर प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं। जिले व रेंज से मिले कुल 350 पुलिसकर्मी फिलहाल लगाए गए हैं। बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस बल व थाना प्रभारियों की ड्यूटी की अलग व्यवस्था की गई है।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि नुमाइश में थाना कोतवाली प्रभारी रोहनलाल, थाना कोहिनूर मंच प्रभारी रवि चंद्रवाल, थाना कृष्णांजलि प्रभारी विकास तोमर, थाना दरबार हॉल प्रभारी संजीव कुमार, थाना जीटी रोड प्रभारी सुबोध उपाध्याय व थाना जेल रोड प्रभारी सीताराम सरोज बनाए गए हैं। वहीं सुनील कुमार को गुंडा दमन दल का प्रभारी बनाया गया है। चौकी लालताल पर जसवंत सिंह, हुल्लड़ बाजार में रजत तरार, कोहिनूर मंच चौकी पर सचिन कुमार, कृष्णांजलि चौकी पर हृदयेश कुमार, नानबाई प्लांट चौकी पर आबिद कुरैशी, जीटी रोड चौकी पर संजीव कुमार, सर्कस चौकी पर अंकुर चौहान, शहंशाह तिराहा पर एनडी तिवारी, जेलरोड चौकी पर सतीश कुमार, फायर सर्विस पर ऋषिपाल कसाना, बरौला पर अमरेश कुमार, तहसील तिराहा पर रामवीर सिंह की तैनाती की गई है।