ग्राम समाज की भूमि पर बघेल समाज द्वारा मंदिर बनवाने की प्रक्रिया करने के संबंध में तहसील कोल के हलका इब्राहिमपुर की लेखपाल दीपिका वाष्र्णेय ने थाना रोरावर मे दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गाटा संख्या 53, रकवा 0.323 हेक्टेयर श्रेणी -6 (1) की नौइय्यत पोखर के रूप में दर्ज है। इस भूमि पर 25 जनवरी को मंदिर निर्माण कर अतिक्रमण किया जाना संज्ञान में आया। आरोप है कि इस संबंध में वर्तमान ग्राम प्रधान आशा देवी व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निर्देश लोधी, पूर्व प्रधान छत्रपाल सिंह की भूमिका परिलक्षित प्रतीत होती है। वजह है कि इन्होंने समय से सूचना नहीं दी और जिसके चलते विवाद की स्थिति पैदा हुई। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार इस मामले में ग्राम प्रधान आशा लोधी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निर्देश लोधी, पूर्व प्रधान छत्रपाल सिंह पर ग्रामीणों को भ्रमित करने का आरोप है, जबकि मंदिर निर्माण के संबंध में बघेल पक्ष के बिट्टू, जसवंत, राधेश्याम, बंटी, भूदेव, रामेश्वर, सुरेश, राधेश्याम लंबरदार, धर्मसिंह, मदन, रोहित, सतेंद्र, योगेश, सत्यवीर, शंकरपाल, बनवारी आदि आरोपी बनाए गए हैं।
पांच दिन में सिर्फ सात गिरफ्तार
उपद्रव के प्रमुख मुकदमे में कुल 19 नामजद व सौ डेढ़ सौ अज्ञात आरोपी बनाए गए। मगर अभी तक पांच दिन में सिर्फ सात आरोपी ही गिरफ्तार किए जा सके हैं। इसे लेकर भी एसएचओ व हल्का चौकी प्रभारी को भी लापरवाह माना जा रहा है। वही इस इलाके में सक्रिय थे और उनका इनपुट ये है कि वे अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाए। इसे लेकर भी थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे थे। वहीं एसपी सिटी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी व चिह्नित करने के लिए टीम लगी हुई है। जल्द बाकी गिरफ्तारी होंगी।