जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कृषि एवं गन्ना चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मंगलवार को अलीगढ़ जरूर पहुंचे, लेकिन बिना कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक किए ही मेरठ रवाना हो गए। इससे अफसरों की बैठक एवं निरीक्षण को लेकर की गई तैयारियां धरी रह गईं।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री का जिले में करीब सात घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसमें उन्हें कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करनी थी।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भाग लेना था और एक विद्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी औचक निरीक्षण करना था। प्रभारी मंत्री को राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की स्थिति का हाल जानने पहुंचना था। नगर निगम की गोशाला का भी निरीक्षण करना था।
प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थी। सुबह सभी विभागीय अफसर समीक्षा बैठक के लिए कलेक्ट्रेट भी पहुंच गए। प्रभारी मंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब दो घंटे की देरी से जिले में पहुंचे। यहां एक दो कार्यक्रमों में भाग लेने एवं बिना समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण किए ही जल्दी मेरठ के लिए निकल गए।