एक ओर प्रशासन और दर्जन भर समाजसेवी संस्थाएं गरीब मजदूरों के लिए खानेपीने की व्यवस्था कर रहे हैं तो दूसरी ओर जीटी रोड पर पनैठी के पास ठहरे बिहार के मजदूरों के साथ स्थानीय गांव वालों ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात में मारपीट कर दी गई। उनको मारपीटा तो वह वापस बिहार जाने की मांग करने लगे। इन मजदूरों की मदद कर रहे अनुराग गुप्प्ता ने बताया कि वह पूर्व पुलिस की 112 नंबर पर आई शिकायत के आधार इन लोगों से मिले थे। एक महीने की राशन की व्यवस्था कराई थी।
सोमवार की रात मजदूरों ने फोन कर मारपीट होने की जानकारी दी। मंगलवार सुबह उनकी मदद करने पहुंचे। पुलिस को बुला कर उनको सुरक्षित जगह पर ठहराया। अनुराग ने कहा है कि पुलिस उनको सुरक्षित स्थान पर ठहराये तो ये समस्या दूर होगी। इधर, राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया ने कहा है कि जो भी मजदूर अभी अलीगढ़ में कहीं ठहरे वह घर ना जाएं। उनकी व्यवस्था जिला प्रशासन के माध्यम से की जाएगी। कठेरिया ने कहा है कि उनका मोबाइल 24 घंटे चालू रहता है। कोई भी समस्या होने पर 9410840828 पर फोन किया जा सकता है।