जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही कृषि विज्ञान केंद्र छेरत में मौसम विभाग का कार्यालय खुलेगा। यहां मौसम विज्ञानी सहित एक डाटा एंट्री ऑपरेटर तैनात किया जाएगा। हाईटेक उपकरणों के जरिये आगामी पांच से सात दिनों तक के मौसम का सटीक पूर्वानुमान किसानों को बताया जाएगा, जिससे वह मौसम के हिसाब से अपनी खेतीबाड़ी की कार्ययोजना तैयार कर सकेंगे। कार्यालय दो से तीन माह में खुल जाएगा।
भारत सरकार ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित जिले के छेरत में स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में मौसम विज्ञान विभाग का कार्यालय खोला जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से इसकी स्थापना कराई जाएगी। बता दें कि जिले में अभी तक क्वार्सी स्थित कृषि विभाग के फार्म हाउस के आत्मा परिसर में मौसम विज्ञान विभाग का स्वचालित केंद्र स्थापित है। इसमें लगे टॉवर पर एक विद्युत यंत्र लगा है, जिससे मौसम संबंधी गतिविधियां रिकार्ड होकर यहां से पुणे, महाराष्ट्र के कार्यालय में जाती हैं। हालांकि यहां कोई कर्मचारी या अधिकारी तैनात नहीं है। इसके चलते किसानों को इसका अधिक लाभ नहीं मिल पाता है।
केवीके छेरत के प्रभारी कृषि वैज्ञानिक डा. एके सिंह ने बताया कि भारत सरकार की ओर से विवि को यह प्रोजेक्ट लगाने का निर्देश दिया गया है। केवीके में आगामी दो से तीन माह में इसकी स्थापना कर दी जाएगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि इससे अलीगढ़वासियों को काफी लाभ होगा। मौसम सहित की हर दिन की रिपोर्ट और मौसम विभाग के अलीगढ़ को लेकर पूर्वानुमान की सटीक जानकारी मिल सकेगी। इससे किसानों को कृषि की कार्ययोजना अपनी फसल के मुताबिक करने का समय मिल जाएगा। उनको फसल संबंधी नुकसान से छुटकारा मिल जाएगा। इसमें आधुनिक यंत्र स्थापित करने के साथ ही अनुभवी मौसम विज्ञानी की केंद्र में नियुक्ति की जाएगी। वह आगामी पांच से सात दिन के मौसम का सटीक पूर्वानुमान बताने में सक्षम रहेंगे।