सर्किट हाउस में मीटिंग लेते सचिव नगर विकास अनुराग यादव साथ में बैठे डीएम चंद्र भूषण सिंह।
- फोटो : CITY OFFICE
नगर विकास सचिव अनुराग यादव ने जनपद के अधिकारियों से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अब तक किए गए कार्यों का हिसाब-किताब लिया और यह भी पूछा कि संक्रमण बढ़ने की स्थिति में उससे निपटने के लिए आपके पास क्या योजना है। उन्होंने पिछले चार महीने का कोरोना से संबंधित हिसाब मांगकर अधिकारियों का दबाव बढ़ा दिया है।
कोरोना वायरस से अधिक प्रभावित जनपदों पर शासन की विशेष नजर है। निगरानी के लिए शीर्ष स्तर के अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। जिन जनपदों में कोरोना संक्रमण से अधिक मरीजों की मृत्यु हुई हैं, वहां डेथ ऑडिट भी कराया जा रहा है। सोमवार को अलीगढ़ पहुंचे नगर विकास सचिव ने सर्र्किट हाउस में जिले के तमाम बड़े अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की और कोरोना संक्रमण के लिए अब तक किए गए कार्यों का ब्योरा लिया। यह भी पूछा कि संक्रमण फैलने की स्थिति में आपकी आगे की क्या योजना है। उन्होंने यह भी जानने का प्रयास किया कि शासन की गाइड लाइन के अनुसार यहां काम हो रहा है या नहीं। उन्होंने कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाले 21 मरीजों से संबंधित भी कुछ सवाल पूछे।
नगर विकास सचिव के साथ आई टीम द्वारा डेथ ऑडिट भी किया जाना है। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनपद में अतरौली एवं हरदुआगंज में कोविड-19 समर्पित एलवन हॉस्पिटल है। जेएन मेडिकल कॉलेज एवं पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय कोविड-19 समर्पित लेवल टू हॉस्पिटल हैं। छेरत के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज व एसीएन तथा जेडी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन सेंटर है। बाहर से आए प्रवासियों के लिए किए गए कार्यों से सचिव को अवगत कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण बढ़ने की स्थिति में उससे निपटने के लिए क्या तैयारी की है। दो एलवन हॉस्पिटल पहले से तय हैं। होटल, बैंक्वेट हॉल, स्कूल, कॉलेज चिन्हित किए गए हैं, जहां क्वारंटीन केंद्र बनाया जा सकता है।
नगर विकास सचिव कुछ दिन यहां रुकेंगे और स्थिति का भौतिक सत्यापन करेंगे। बैठक में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा के अतिरिक्त सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी आदि मौजूद थे।
एक नजर
- अभी तक लिए गए नमूने - 11807
- 10897 नमूने के परिणाम घोषित
- 292 पॉजिटिव
- 618 रिपोर्ट पेंडिंग
- 186 मरीज ठीक हो गए
- 105 सक्रिय मरीज
- 21 की मौत