कस्बा जट्टारी के पिसावा रोड पर बदमाशों ने दिनदहाड़े किसान की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डालकर एक लाख बीस हजार रुपये लूट लिये।
पन्नालाल पुत्र होशियार सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी पलसेड़ा अपनी साइकिल से कस्बा जट्टारी स्थित बैंक आए थे। यहां गेहूं बिक्री के रुपये निकालने थे। पन्नालाल ने 50 हजार रुपये कॉओपरेटिव बैंक से निकाले।
30 हजार रुपये उसके भतीजे टीलू ने उसरह रोड स्थित जन सेवा केंद्र से निकाले। 40 हजार रुपये उसके बेटे हिमांशु ने स्टेट बैंक से निकाले। ये रुपये लेकर पन्नालाल साइकिल से दोपहर लगभग 3:15 बजे गांव जा रहे थे था। जट्टारी के उसरह-पिसावा रोड पर काफी समय से बंद पड़ी आइस फैक्टरी के निकट एक बाइक पर सवार तीन युवकों (एक ने हेलमेट पहना हुआ व बाकी दो युवकों ने मुँह के ढके हुआ था) ने पन्नालाल से पिसावा जाने के लिए रास्ता पूछा। इतने में बाइक सवार युवक ने पन्नालाल की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया तथा रुपये का थैला छीनने लगे। पन्नालाल के थैला ना छोड़ने पर बाइक सवार युवकों ने उन्हें पीटा। किसी नुकीले हथियार से वार किया, जिससे हाथ में चोट आई। इसके बाद थैला लेकर भाग गए। घटना के बाद घायल पन्नालाल ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग पन्नालाल की सहायता के लिए पहुंचे तब तक लुटेरे पैसों को लेकर फरार हो जाने में सफल हो गये। मौके पर पहुंचे लोगों ने पन्नालाल को राहत दिलाई तथा परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई।
टप्पल थानाध्यक्ष आशीष कुमार, जट्टारी चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी आरए अतुल शर्मा ने पीड़ित पन्नालाल से पूछताछ की। जट्टारी में विभिन्न जगहों पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला गया। घटना के बाद कस्बा जट्टारी के कुछ व्यापारीगण व पूर्व चैयरमैन जट्टारी मनवीर सिंह पीड़ित के समर्थन में कस्बा जट्टारी पहुंचे एवं पुलिस से उक्त घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की। टप्पल थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह का कहना है कि पीड़ित से पूछताछ की, जिसमें पीड़ित ने एक लाख बीस हजार रुपये की लूट हुई है। घटना की जांच पड़ताल की जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।