मानव तस्कर गिरोह द्वारा बिहार के बच्चों को दिल्ली ले जाने के मामले में बिहार और उप्र की पुलिस के साथ ही जीआरपी, आरपीएफ ने अपनी जांच शुरू कर दी है। मानव तस्कर गिरोह के मास्टरमाइंड को तलाशा जा रहा है। अभी तक अलीगढ़ जंक्शन पर पकड़े गए बच्चों को ले जाने वाले आठ आरोपियों को पकड़ा गया है। इन सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी है। इधर, बाल कल्याण समिति बच्चों के परिवार वालों से लगातार संपर्क कर रही है, जिन बच्चों के अभिभावक आ रहे हैं, उनको बच्चे सुपुर्द किए जा रहे हैं। फिलहाल बच्चों को सेवियो संस्था के बाल आश्रम में रखा गया है।
बता दें कि बचपन बचाओ संस्था की सूचना पर बिहार से दिल्ली जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से रविवार व मंगलवार को 16 बच्चे व आठ तस्करों को पकड़ा गया था। इन बच्चों में से 11 बच्चों को उम्र व दस्तावेज के सत्यापन के बाद अभिभावकों को सौंप दिया गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर अब्दुल मोईज ने बताया कि बच्चों की तस्करी में शामिल मास्टरमाइंड की तलाश में दिल्ली व बिहार में एक-एक टीमें लगी हैं। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। अभी तक जो आरोपी पकड़े गए हैं, वह सभी स्पीलर सेल की भूमिका में हैं। इस गिरोह का सरगना व उससे जुड़े सदस्यों की तलाश की जा रही है, तभी इस पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।