गोंडा क्षेत्र के गांव नुनेरा में 20 जुलाई की रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, उसकी छह माह पूर्व शादी हुई थी। मायके पक्ष ने दो लाख रुपये के लिए गर्भवती बेटी की ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बुलंदशहर के थाना अहमदगढ़ के बगठारी गांव के मुकेश कुमार ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी बहन नीलम (22) की शादी गांव नुनेरा निवासी नीरज से 20 जनवरी 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज में दो लाख रुपये के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। वह तीन माह की गर्भवती थी, मायका पक्ष के समझाने पर भी परिवर्तन नहीं आया। भाई ने आरोप लगाया है कि पति नीरज, सास पुष्पा देवी, ननद ममता व देवर ने रविवार की शाम उसकी हत्या कर दी।
गर्दन पर रस्सी जैसे निशान, गला दबाकर मारने का आरोप
घटना की जानकारी ससुर महावीर ने फोन पर दी कि उसकी बहन की हृदयाघात से मौत हो गई है। मुकेश के अनुसार वह गांव पहुंचा तो उसकी बहन का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। गर्दन पर रस्सी जैसे निशान दिखे, जिस पर भाई ने थाना पुलिस को गला दबाकर हत्या करने की सूचना दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 21 जुलाई दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजन नीलम के शव को मायका ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।