आने वाला सप्ताह त्योहारों के नाम रहेगा। करवा चौथ से लेकर दीपावली तक बाजारों में भीड़भाड़ होगी। ऐसी स्थिति में ड्रोन कैमरे से बाजार की निगहबानी होगी। बाजारों में सादा वर्दी में महिला सिपाहियों की तैनाती रहेगी। कोरोना काल में त्योहार पर सुरक्षा के साथ एहतियात को लेकर भी पुलिस स्तर से तैयारी की गई। चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के लिए कोविड नियमों के पालन के संदेश प्रसारित कराए जा रहे हैं। पुलिस चेकिंग के दौरान लापरवाही पर चालान व जुर्माना भी किया जा रहा है।
ये बातें सोमवार को एसएसपी मुनिराजजी ने अमर उजाला से कहीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर पुलिस विभाग की ओर से दो व्यवस्थाएं होंगी। पहला बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन कराना। हालांकि, खरीदारों व दुकानदारों को कोविड-19 से बचाव के लिए जगह-जगह लगे लाउड स्पीकर से जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पुलिस शाम को बाजार का निरीक्षण दुकानदारों को जागरूक कर रही है। जो लोग कोविड नियम के पालन के तहत मास्क लगाते नहीं दिख रहे, उन्हें टोका जा रहा है और जुर्माना व चालान भी किया जा रहा है। दूसरा, सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराना।
गांव-शहर में संदिग्ध दिखने वाले लोगों की सघन चेकिंग की जा रही है। बाइक पर तीन सवारियों की चेकिंग करके उनका चालान किया जा रहा है। लगातार सीसीटीवी से बाजार व शहर की मानीटरिंग की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि बाजार, भीड़भाड़ के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे का इस्तेेमाल कर रहे हैं। वहीं, पुुराने अपराधियों का सत्यापन किया जा रहा है। मिशन शक्ति के तहत महिला सिपाही बाजार में पैदल गश्त कर रही हैं। बाजारों में महिला सिपाहियों की ड्यूटी शाम पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे तक होगी, जो बाजार में संदिग्ध लोगों पर नजर रखेंगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स उपलब्ध है। फिर भी जरूरत पड़ने पर फोर्स मंगा लीजिएगा। इसके अलावा त्योहार के मौके पर शहर में रूट डायवर्जन आदि भी किया जाएगा।