अलीगढ़ थाना लोधा क्षेत्र के गांव मूसेपुर में पुलिस की लापरवाही और शिथिलता के परिणामस्वरूप पुलिस की मौजूदगी में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हो गई। घटना में एक पक्ष के पिता पुत्री की गोली लगने से मोके पर मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। खूनी संघर्ष की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद करने के साथ पांच लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। मौके पर एहतियातन पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
बताया गया कि लोधा क्षेत्र के गांव मूसेपुर निवासी भूरी सिंह व पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह के बीच जमीनी रंजिश चल रही है। शुक्रवार रात गांव के निकट सड़क किनारे भूरी सिंह की होजरी की दुकान में नकाब लगाकर चोरी हो गई थी। जिसमें भूरी सिंह पक्ष ने शनिवार को पूर्व प्रधान देवेंद्र, उनके पुत्र ललित और गांव के राजू को नामजद करते हुए थाने में चोरी की तहरीर दी थी।
चोरी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूर्व प्रधान देवेंद्र, उनके बेटे ललित और राजू को थाने बुलाया, लेकिन तीनों के विरुद्ध कोई कार्रवाई किए बिना ही थाने से छोड़ दिया। रविवार सुबह भूरी सिंह के बड़े बेटे टिंकू और पूर्व प्रधान देवेंद्र पक्ष के भूपेंद्र राणा के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग गांव में एक चौक पर एकत्रित हो गए।
जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
इसी दौरान पूर्व प्रधान के पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर मौके पर आ गए। देखते ही देखते आक्रोशित दोनों पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग हुई जिसमें भूरी सिंह और बीच बचाव में आई उनकी बेटी राधा की गोली लगने पर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भूरी सिंह का बेटा टिंकू, रिंकू, भतीजे प्रवीण, केशव, कुलदीप, संजीव व दूसरे पक्ष के अभिषेक सहित आठ लोग घायल हो गए।
फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि पुलिस की मौजूदगी में भी जमकर फायरिंग होती रही। भूरी सिंह पक्ष का आरोप है कि अगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की होती तो आज खूनी संघर्ष की पटकथा नहीं लिखी जाती।
मूसेपुर में दो पक्षों में पथराव फायरिंग की सूचना पर एसएसपी कलानिधि नैथानी अधीनस्थ अधिकारियों और भारी मात्रा में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेने के साथ हथियार बरामद किए हैं। वहीं, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर हत्या सहित सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। शीघ्र ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। एहतियातन मौके पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।