थाना गांधी पार्क क्षेत्र में मंगलवार रात को मानिक चौक में हुए दो समुदाय में पथराव की घटना के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला रंगरेजान कुम्हारों वाली गली की रहने वाली श्यामवती की ओर से दर्ज कराए मुकदमे में कहा गया है कि मंगलवार की रात को उसके बेटे अजय, पंकज और भोला गणेश प्रतिमा का विसर्जन करके घर पर आ रहे थे। इस दौरान दूसरे समुदाय के दो लोग आपस में लेनदेन को लेकर विवाद कर रहे थे। उन दोनों में से एक पक्ष ने अपने जानकारी के कुछ लोगों को बुलाने के लिए फोन किया। इस पर दूसरा पक्ष समझा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन करके आ रहे उसके बेटे कहासुनी करने वाले एक पक्ष के समर्थन में आए हैं।
यह देखते ही हमलावरों ने उसके बेटों पर लाठी-डंडों से प्रहार करना शुरू कर दिया । देखते ही देखते दूसरी गली से भीड़ उसके घर तक घुस आई। घर में तोड़फोड़ की गई। जान से मारने का प्रयास किया गया। पुलिस ने इस मामले में जमील, साजिद पुत्र राहत अली, आशु पुत्र बचत खान, उजैफा पुत्र कासिम, बन्नू पुत्र अबरार, सभी निवासी गांधी पार्क के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक नामजदों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।