जलाली में बस अड्डे स्थित दुर्गा मंदिर पर तैनात पुलिस।
- फोटो : HARDUAGANJ
वन खंडेश्वर महादेव मंदिर में हनुमान मंदिर की गुमटी तोड़े जाने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने रविवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। वहीं शनिवार को हुए हंगामे और प्रदर्शन के बाद से कस्बे में तनाव भरी शांति है। रविवार को बाजार भी खुला। एहतियातन महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पिकेट भी तैनात रही।
कस्बे के वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में हनुमान मंदिर की गुमटी तोड़े जाने के मामले में शुक्रवार रात से शुरू हुआ हंगामा शनिवार की दोपहर तक शांत जरूर हो गया, इसके बावजूद कस्बे में तनाव कम नहीं था। कस्बे की शांति तनाव से भरी थी। यही वजह थी कि कस्बे के चार महत्वपूर्ण चार स्थानों पर एक-एक दरोगा के साथ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। महिला पुलिस को भी लगाया गया था।
वनखंडेश्वर महादेव मंदिर, बस अड्डा स्थित दुर्गा मंदिर, बारह खंभा मंदिर पुलिया तथा नगर पंचायत कार्यालय के समीप पुलिस की पिकेट तैनात रही। हरदुआगंज के साथ ही अतरौली और गोधा थाने की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। वहीं सीओ अतरौली शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बारे में उससे पूछताछ की जा रही है।