जेवर टोल मैनेजर के खिलाफ आक्रोश और दर्ज मुकदमों की वापसी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। पदाधिकारियों ने महापंचायत की चेतावनी दी।
राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन (अ) के बैनर तले टप्पल ब्लॉक परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर दोपहर करीब एक बजे टप्पल ब्लॉक से यमुना एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज तक पैदल मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि तीन दिन बाद भी कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे उनमें रोष है।दोपहर बाद नायब तहसीलदार प्रियंका शर्मा ने वार्ता का प्रयास किया, लेकिन मांगों पर सहमति न बनने से बातचीत विफल रही।
स्थिति को देखते हुए धरनास्थल पर पीएसी तैनात कर दी गई है। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेताओं ने भी समर्थन दिया। किसान नेता चौधरी रमेश कुमार अत्री ने चेतावनी दी कि 11 मई तक समाधान न होने पर महापंचायत व विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस दौरान ललित प्रधान, इस्लाम सैफी, सोनू प्रधान, अशोक डॉ, नर्सीपाल ठाकुर, नेत्रपाल ठाकुर, राम गोपाल अत्री, डॉ. राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे