हाथों में लहराता तिरंगा, कदमों में देशभक्ति का जोश और फिजाओं में गूंजते भारत माता के जयकारे... शनिवार सुबह अलीगढ़ के रामघाट रोड, केलानगर चौराहा और मैरिस रोड राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगी नजर आईं। महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम से सुबह नौ बजे जैसे ही अमर उजाला मां तुझे प्रणाम सद्भावना रैली निकली माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। पूरा शहर भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।
सद्भावना रैली को महापौर प्रशांत सिंघल, डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी नीरज जादौन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्टेडियम से शुरू हुई रैली केलानगर, मैरिस रोड, लक्ष्मीबाई मार्ग, किशनपुर तिराहा होते हुए वापस स्टेडियम पहुंची। रास्ते में लोगों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। स्कूलों की ओर से प्रस्तुत की गईं देशभक्ति आधारित झांकियां रैली का विशेष आकर्षण रहीं। चंद्रयान मॉडल और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के किरदार को बच्चे ने निभाया। झांकियों के माध्यम से देश की एकता, वीर जवानों के शौर्य और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। रैली का समापन स्टेडियम में राष्ट्रगान से हुआ। संचालन अर्चना फौजदार ने किया।
रैली में बच्चों का उत्साह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। बैंड की प्रस्तुति और देशभक्ति के नारों से वातावरण में जो ऊर्जा दिखाई दी, उसने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
- प्रशांत सिंघल, महापौर
रैली में बैंड दल की शानदार प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यह दृश्य देखकर मुझे अपने बचपन की याद आ गई। अगर मन लगाकर पढ़ते हैं तो यही सच्ची देश सेवा है।
- अविनाश कुमार, डीएम
रैली में बड़ी संख्या में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर मन प्रसन्न हो गया। आज के बच्चे काफी ऊर्जावान हैं। सब इसी तरह आगे बढ़ते रहें। बैंड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया।
- नीरज जादौन, एसएसपी
मां तुझे प्रणाम सद्भावना रैली देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देने वाली सराहनीय पहल है।
-प्रवीण मंगला, सीएमडी, ओजोन सिटी
यह रैली युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करेगी।
- डॉ. नरेंद्र सांगवान, निदेशक सांगवान सिटी
ऐसे आयोजनों से शहर में भाईचारे और सद्भाव की भावना को नई मजबूती मिलती है।
- अभिषेक अग्रवाल, प्रबंध निदेशक सेठ मलूक चंद्रा इंटरनेशनल स्कूल
रैली नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित करने का शानदार प्रयास है।
- डॉ. दिनेश शर्मा, निदेशक, शर्मा ऑर्थो मल्टी हॉस्पिटल
तिरंगे के साथ कदमताल करना गर्व का पल है। रैली ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
- दिंकल अग्रवाल, प्रबंध निदेशक एकत्व स्मार्ट सिटी
यह रैली राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास है।
- योगेंद्र कुमार, सीडीओ
रैली विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाने का बेहतर माध्यम है।
- डॉ. पूरन सिंह, डीआईओएस
मां तुझे प्रणाम जैसी रैली शहरवासियों को एक मंच पर लाकर देशभक्ति और सद्भाव का संदेश देती है।
- राकेश कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम
राष्ट्रभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का संकल्प भी है।
- डॉ. अजयवर्धन आचार्य, क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू
ऐसे आयोजन से समाज में देशभक्ति की भावना के साथ सौहार्द और जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत होता है।
- पूनम लता, जिला क्रीड़ा अधिकारी