छर्रा में बदमाशों का कहर चरम पर है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। एक दिन पहले गांव रुखाला में हुई डकैती के आरोपियों का पुलिस सुराग भी नहीं लगा पाई थी कि रविवार सरेशाम एक व्यापारी से दो बाइकों पर सवार छह बदमाश सवा लाख रुपये लूट ले गए। लगातार बढ़ रहे क्राइम से स्थानीय व्यापारी दहशत में है, और उनमें पुलिस के खिलाफ आक्रोश है।
कस्बा निवासी राजेंद्र गुप्ता जनरल स्टोर के सामान के थोक व्यापारी हैं। अलीगढ़ रोड पर उनकी दुकान है। रविवार शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर वह अतरौली रोड पर बिजलीघर के सामने स्थित घर पर पहुंचे और डोर बैल बजाकर दरवाजा खुलवाया। पुत्रवधू कल्पना पत्नी अमित गुुप्ता ने दरवाजा खोला।
वह दरवाजा लगा ही रही थी कि दो बाइकों पर सवार छह बदमाश घर के पास रुके। तीन बदमाश पीछे-पीछे घर में घुस आए और राजेंद्र गुप्ता को दबोच लिया और तमंचा तान दिया। दूसरे बदमाश ने पुत्रवधू का मुंह दबा लिया। बदमाश राजेंद्र गुप्ता से सवा लाख रुपयों से भरा थैला लूटकर गंगीरी की तरफ भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद परिवारीजनों ने शोरगुल मचाया तब जाकर मोहल्ले के अन्य लोग एकत्रित हुए। सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और जांच पड़ताल की। राजेंद्र गुप्ता के बेटे अमित ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।