ब्रांडेड सूखे खाद्य पदार्थों में भी कई बार लापरवाही सामने आती है। एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जिसमें मैगी नूडल्स के पैकेट में रेंगते हुए जिंदा कीड़े मिले हैं। पीड़ित ग्राहक ने दुकानदार से शिकायत की तो उसने कंपनी में शिकायत करने का आश्वासन दिया।
शनिवार की देर शाम कृष्णा कांफैक्शनरी से एक ग्राहक मैगी नूडल्स का सात रुपये वाला पैकेट ले गया था। उसने जब नूडल्स का पैकेट खोला तो उसमें रेंगते हुए कीड़े दिखाई दिए। ग्राहक तुरंत दुकानदार के पास आया और पैकेट व नूडल्स उसे दिखाया। दुकानदार ने भी पैकेट में कीड़ों को देखकर हैरानी जताई, वहां इसे देखने के लिए भीड़ एकत्रित हो गई।
दुकानदार कृष्णा वार्ष्णेय ने लक्ष्मी एजेंसी विजयगढ़ से पैकेट में कीड़े निकलने की शिकायत की तो एजेंसी मालिक मोनू वार्ष्णेय ने आश्वासन दिया कि कंपनी को इससे अवगत कराया जाएगा। पैकेट को वापस लिया गया है। पैकेट पर अप्रैल 2023 की पैकिंग और दिसंबर 2023 की एक्सपायरी डेट हुई है। एजेंसी संचालक ने कहा है कि इस संबंध में कंपनी के प्रतिनिधियों को अवगत कराया जाएगा। जिससे भविष्य में सही सामान ही मिले।