खैर तहसील के ग्राम एदलपुर में कंपोजिट और देसी शराब ठेकों के विरोध में ग्रामीण उतर आए हैं। 15 दिन के बाद इन ठेकों का स्थान बदलेगा। इस मामले में प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
डीएम अविनाश कुमार ने एसडीएम खैर शिशिर सिंह से जानकारी ली। एसडीएम खैर की अध्यक्षता में गांव के संभ्रांत नागरिक, आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार खैर काजल तोमर, आबकारी निरीक्षक सविता सिंह, मनोज यादव, हल्का इंचार्ज थाना खैर और अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्तमान स्थान पर दोनों शराब ठेके 15 दिनों तक खुले रहेंगे। इसके बाद उसी ग्राम सभा में कहीं दूसरी जगह ठेके खुलेंगे।
आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि विगत वर्ष एदलपुर में कंपोजिट शॉप संचालित थी। सरकार को प्रतिवर्ष 60 से 70 लाख का राजस्व प्राप्त हो रहा था। आसपास देसी शराब की दुकान न होने के कारण वहां इस वर्ष देसी शराब की दुकान संचालित की गई थी, जिसका स्थानीय महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था।