शराब माफिया नीरज की संपत्ति को जब्त करते पुलिस कर्मी साथ में अधिकारी।
- फोटो : CITY OFFICE
जहरीली शराब कांड में घोषित माफिया की संपत्तियां जब्त करने का क्रम जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने खैर के शराब माफिया नीरज चौधरी की दो करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति जब्त कर उस पर सरकारी संपत्ति होने का बोर्ड लगा दिया। गैंगेस्टर एक्ट के तहत डीएम की अनुमति मिलने के बाद पुलिस प्रशासनिक टीम गाजे-बाजे संग कृषि भूमि पर पहुंची और बोर्ड लगाकर लोगों को इसका प्रयोग न करने के लिए आगाह किया गया।
खैर के गांव नारायनपुर के नीरज चौधरी पर पिसावा में ठेकों पर जहरीली शराब बेचने, जिससे लोगों की मौत होने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में गैंगेस्टर तक की कार्रवाई की गई। इसी क्रम में शुक्रवार को डीएम से अनुमति मिलने के बाद सीओ खैर व एसडीएम आदि के साथ खैर व पिसावा की पुलिस उसकी कृषि भूमि पर पहुंची, जहां उस पर सरकारी संपत्ति का बोर्ड लगाते हुए जब्त करने की घोषणा सार्वजनिक रूप से की। आरोप है कि यह संपत्ति नीरज ने अवैध रूप से अर्जित धन से खरीदी है। जिन संपत्तियों को जब्त किया गया है, उनमें खाता संख्या 988, 147, 1305 की कुल तीन 0.898 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभी तक अनिल चौधरी, मुनीष शर्मा व विपिन यादव की संपत्ति इससे पूर्व जब्त की गई हैं।