जहरीली मौत बेचने के लिए जिम्मेदार 50 हजार के इनामी विपिन यादव की निशानदेही पर फैक्टरी पकड़े जाने के बाद पुलिस ने इस रैकेट पर तगड़ी कार्रवाई की है। अकराबाद के अधौन से जुड़ी अवैध फैक्टरी को लेकर दर्ज किए गए मुकदमे में तालानगरी के कारोबारी व सभी शराब तस्करों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
विपिन की रविवार देर शाम गिरफ्तारी के बाद इस फैक्टरी को पुलिस ने पकड़ा। जहां से भारी मात्रा में बनी, अधबनी शराब, बनाने के उपकरण व अन्य उत्पाद बरामद किए। साथ ही जांच व पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि तालानगरी से जहरीला मिथाइल अल्कोहल खरीदकर इस फैक्टरी में जहरीली शराब बनाकर ठेकों पर बेचा गया। इसके लिए सभी जिम्मेदार हैं। इसे लेकर पुलिस की ओर से जो मुकदमा अकराबाद थाने में दर्ज किया गया है, उसमें विपिन उर्फ ओमवीर यादव निवासी मैनपुरी, गंगाराम प्रधान निवासी सिंधौली, शराब ठेकेदार नरेंद्र निवासी लोधा, शराब तस्कर रालोद नेता अनिल चौधरी निवासी धारा की गढ़ी गोंडा, अल्कोहल सप्लाई देने वाले कारोबारी विजेंद्र कपूर निवासी विद्या नगर, उनका एकाउंटेंट सुमित शर्मा निवासी अतरौली, फैक्टरी का मुख्य पार्टनर शिवकुमार निवासी हसायन हाथरस, 50 हजार का इनामी भाजपा नेता ऋषि शर्मा व उसका बड़ा भाई मुनीष निवासी जवां आरोपी बनाए गए हैं। इन पर आरोप है कि सामूहिक रूप से इन्होंने साजिश रचकर यह अवैध फैक्टरी संचालित की है। जिससे जिले में इतनी बड़ी घटना हुई है। इस मामले में रात में गिरफ्तार किए गए विपिन व गंगाराम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
विपिन-गंगाराम का दो दिन का रिमांड मंजूर
एसएसपी के अनुसार अभी विपिन व गंगाराम से काफी कुछ पूछताछ बाकी है, जिसे लेकर उनका न्यायालय से रिमांड मांगा गया था। न्यायालय ने मंगलवार सुबह से लेकर बुधवार शाम तक दो दिन का रिमांड मंजूर कर दिया है। अब उन्हें रिमांड पर लेकर आगे के तथ्यों पर पूछताछ की जाएगी।