अलीगढ़। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह लिंक एक्सप्रेस का डीजल इंजन पटरी से उतर गया। इससे रेलवेकर्मियाें में हड़कंप मच गया। आननफानन एआरटी (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) मंगवाकर इंजन को पटरी पर लाया गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। रेलवे अफसरों ने दिल्ली जाने वाली दोनों ईएमयू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म नंबर चार की जगह दो से किया।
इलाहाबाद से लिंक एक्सप्रेस सोमवार रात अपने निर्धारित समय पर स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे कर्मचारी डीजल इंजन को ओसी साइडिंग से प्लेटफॉर्म नंबर चार की ओर शंटिंग कराकर ला रहे थे। सुबह करीब 3:40 बजे डीजल इंजन के आधा दर्जन पहिए पटरी से उतर गए।
इससे रेलवे कर्मियों में हड़कंप मच गया। पहले तो रेलवे कर्मियों ने डीजल इंजन को पटरी पर लाने का प्रयास किया जब वह कामयाब नहीं हुए तो उन्होंने रेलवे के अफसरों को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में स्टेशन अधीक्षक जीडी सिंह और अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए। एआरटी ने सुबह 7:10 बजे डीजल इंजन को पटरी पर खड़ा किया।