जिले के अकराबाद ब्लॉक के लधौआ ग्राम पंचायत का डीलर मर चुके कार्डधारकों के नाम पर राशन हड़प रहा था। पूर्ति निरीक्षक की जांच के बाद मामला साफ हुआ है। इसको लेकर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
डीएसओ शिवाकांत पांडेय ने बताया कि लधौआ ग्राम पंचायत में ममता देवी राशन की दुकान का संचालन कर रही हैं। ग्रामीण ने पिछले दिनों जिला स्तरीय अफसरों से गड़बड़ी की शिकायत की थी। आरोप था कि डीलर राशन वितरण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। घटतौली के साथ ही कार्डधारकों की संख्या में भी फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। प्रधान के कई बार कहने पर भी वितरण में सुधार नहीं हुआ। शिकायत पर कोल तहसील के पूर्ति निरीक्षक पीयूष कुमार को जांच के लिए गांव भेजा गया। जांच में शिकायतें सही मिलीं। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि डीलर मृतक अंत्योदय कार्ड धारकों के नाम से भी राशन निकाल रहा था। प्रॉक्सी सिस्टम से यह सारा खेल चल रहा था। राशन वितरण में भी घटतौली हो रही थी। नियमानुसार प्रति यूनिट पांच किलो राशन उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए, लेकिन साढ़े चार किलो ही राशन मिल रहा था। उन्होंने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।