गांव बरौला के समीप बृहस्पतिवार को देखे गए तेंदुए की तलाश में शुक्रवार को दिन भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन कामयाब नहीं रहा। दिन भर की कसरत के बावजूद तेंदुआ क्या उसके पद चिन्ह तक नहीं मिले। शनिवार को पीलीभीत से पिंजड़ा मंगाकर तेंदुए को कैद करने की कोशिश होगी।
बृहस्पतिवार की सांय बरौली से करीब 300 मीटर दूर बरौला गांव के पास से गुजर रही हजारा नहर के समीप एक और तेंदुआ देखा गया। इस मामले में देर रात तक कॉम्बिंग के बाद वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को प्रभारी डीएफओ सतीश कुमार की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने दिन भर बरौला व हजारा नहर के आसपास 13 किलोमीटर तक कॉम्बिंग की। रेस्क्यू ऑपरेशन में कासगंज के दो विशेषज्ञ कर्मचारी भी शामिल रहे। रेंज अफसर अरविंद ने बताया कि पूरे दिन चली कॉम्बिंग में तेंदुए के पदचिह्न भी नहीं मिले। उसे पकड़ने के लिए बरेली से पिंजड़ा मंगाया गया है। शनिवार को इस पिंजड़े को घटना वाली जगह पर लगवा दिया जाएगा। ग्रामीणों से सतर्क रहने व रात में अकेले बाहर न निकलने की अपील की गई है।