क्यूआर कोड स्कैन कर करें नामांकन। संवाद
श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में अब छात्र-छात्राएं ऑनलाइन दाखिला ले सकेंगे। कॉलेज में कक्षा एक से 12 तक ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह प्रक्रिया माध्यमिक स्तरीय विद्यालय में पहली बार शुरू हो रही है। इससे विद्यार्थियों को अब प्रवेश फॉर्म खरीदने की फीस नहीं जमा करनी पड़ेगी, न ही फॉर्म के लिए लाइन में लगना पड़ेगा।
एलबीएस कॉलेज सरकार द्वारा सहायता प्राप्त है। इसमें कक्षा एक से 12वीं तक छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। सामान्य रूप से किसी भी कक्षा में प्रवेश (दाखिला) लेने के लिए एक प्रवेश फॉर्म को खरीदने से लेकर भरकर जमा करने की प्रक्रिया से गुजरना होता है। अब विद्यार्थी क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर बिना किसी शुल्क के प्रवेश ले सकेंगे।
इस प्रक्रिया के लागू होने से विद्यार्थियों व अभिभावकों में खुशी है। इसके साथ ही विद्यालय की फैकल्टी भी खुश है। शिक्षकों का कहना है कि ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरा करने में तथा एसआर लिपिक को सूचना देने में जो समय लगता था उसका उपयोग शिक्षक अब शिक्षण कार्य तथा स्वाध्याय में कर सकेंगे।
प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार ने बताया कि कक्षा एक से 12 तक कोई भी विद्यार्थी नियत समयावाधि में ऑनलाइन प्रवेश ले सकता है। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों से अनुमन्य शुल्क ही लिया जाता है। शिक्षण सामग्री भी विद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। संवाद