अलीगढ़। राष्ट्रीय विधिक साक्षरता मिशन के तहत सोमवार को जिले में विवेकानंद कॉलेज ऑफ लॉ में पहले लॉ क्लब की स्थापना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज यूसी श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस मौके पर कहा कि अब जिले के सभी लॉ कॉलेजों में लॉ क्लब स्थापित किए जाएंगे।
इस मौके पर जिला जज ने कहा कि लॉ क्लब की स्थापना मात्र से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। हमें जागरूक होकर सक्रिय भागीदारी करनी होगी। लॉ क्लब योजना की जानकारी देते हुए सचिव संजय चौधरी ने कहा कि जिले भर के सभी कालेजों में लॉ क्लब बनाया जाएगा। इस क्लब में विधि के छात्रों को शामिल कर उन्हें पढ़ाई के दौरान ही सामाजिक समस्याओं से रूबरू कराकर व्यक्तित्व का विकास किया जाएगा। अपर जिला जज एके पुंढ़ीर ने कहा कि छात्र जीवन सीखने का जीवन है। लॉ क्लब सीखने का सुनहरा मौका है। सीजेएम मृदुला मिश्रा ने कहा कि इससे छात्र को प्रैक्टिकल की जानकारी भी मिलेगी। अंत में कॉलेज के चेयरमैन अनिल सारस्वत ने लॉ क्लब की स्थापना पर प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया और अतिथियों को सम्मानित किया। लॉ विभाग के अनुराग सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। निदेशक, प्राचार्य व स्टाफ , छात्र मौजूद रहे।--------------बॉक्स--श्रम विभाग में अवैध वसूली पर एसएसपी से मांगा जवाबअलीगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एडीआर में पीएलवी, स्वयं सेवी संस्था प्रतिनिधि व अधिवक्ताओं की बैठक में कार्यों की समीक्षा हुई। इस दौरान सचिव संजय चौधरी ने कहा कि हम सबका एक ही उद्देश्य है कि पीड़ितों को उनका हक मिले और हम सबको उनकी मदद में सामने आना होगा। बैठक में पीएलवी निधी शर्मा ने सचिव को बताया कि श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के पंजीकरण में अवैध वसूली हो रही है। इस पर सचिव द्वारा श्रम विभाग व थाना क्वारसी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। परंतु पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर सचिव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लिखित में जवाब मांगा है कि ऐसे लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई। बैठक के दौरान क्वारसी क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे बहुत मारा है तथा उसके खून बह रहा था। इस पर प्राधिकरण सचिव ने तत्काल प्राधिकरण अधिवक्ता शिवा पाठक व पीएलवी नरेंद्र को पीड़ित के साथ थाने भेजा। जहां कार्रवाई हुई। बैठक में उपेंद्र मिश्रा, निधी शर्मा, संध्या, साजिया, सईदा खातून, फेहमिदा, सुमइया खान, अशोक शर्मा, यतेंद्र, सावित्री, सुनीता आदि थे।