अलीगढ़ जिले में स्वास्थ्य महकमे की अनदेखी का यह आलम है कि परलोक सिधार चुके पैथोलॉजिस्ट के नाम से मरीजों के खून की जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही हैं। एक नहीं, दो से तीन लैब इन्हीं चिकित्सकों के नाम पर संचालित हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सक मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
कुछ ऐसे चिकित्सक भी हैं, जिनकी मौत हो चुकी है, लेकिन उनके नाम पर अलीगढ़ में ही नहीं, बल्कि आसपास जिलों में अस्पताल संचालित हैं। 2024-25 में स्वास्थ्य विभाग ने लगभग 30 पैथोलॉजी लैब को पंजीकृत किया है। इस वर्ष पंजीकरण अभी तक चल रहा है, जिसमें मेडिकल काॅलेज, जिला अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल और महिला अस्पताल की लैब शामिल हैं।
एटा चुंगी चौराहे पर मेट्रो पैथोलॉजी लैब हैं। यह डॉ. अभिनव अक्षत शर्मा के नाम पर पंजीकृत थी। डॉ. अभिनव की साल भर पहले मौत हो चुकी है। इसके बावजूद यह लैब संचालित है। इस लैब का दूसरे किसी चिकित्सक के नाम पर पंजीकरण भी नहीं है। चंदनिया इलाके में एक एक्सीलेंट पैथोलॉजी लैब है, जिसका पंजीकरण नहीं है, फिर भी संचालित है।
इसके अलावा दीनदयाल अस्पताल से सेवानिवृत्त डॉ. एसके गुप्ता के नाम पर अलीगढ़ और कासगंज जिले में अस्पताल संचालित है, जबकि इनकी भी मौत हो चुकी है। डॉ. वीरेंद्र चौहान की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। उनके नाम से कई अस्पताल चल रहे हैं।
अलीगढ़ में 15 से 20 एमडी पैथोलॉजिस्ट हैं, जबकि लैबों की भरमार है। सभी लैब फर्जी और स्वास्थ्य विभाग की कृपा से चल रही हैं। डॉ. अभिनव अक्षत शर्मा की मौत साल भर पहले हो चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से लैब संचालित हैं। विभाग ने न लैब को बंद कराया, न ही किसी दूसरे नाम से पंजीकरण दिया है।-उमाशंकर वार्ष्णेय, संरक्षक, अलीगढ़ पैथोलॉजी प्रैक्टिसनर्स एसोसिएशन
पैथोलॉजी लैबों और अस्पतालों की जांच कराई जाएगी। चिकित्सक के मरने के बाद भी अगर अस्पताल या लैब संचालित है तो उसे सील किया जाएगा।-डॉ. एसके जैन, एसीएमओ