थाना क्षेत्र के अलीगढ़ गोड़ा रोड स्थिति गांव सदलपुर के पास रविवार रात साढ़े आठ बजे एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया।
गांव गोविंदपुर फ गोई निवासी जयप्रकाश उर्फ चेंट (35) पुत्र करोड़ीलाल अपने साथी अमीचंद, बिट्टू और गुड्डू के साथ साइकिल से फैक्टरी में मजदूरी करने जा रहे थे। चारों अलग-अलग साइकिल पर सवार थे। रास्ते में गांव सदलपुर के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से चारों साइकिल सवारों में टक्कर मार दी। हादसे में जयप्रकाश की मौके पर मौत हो गई और अन्य तीनों साथी घायल हो गए। कार चालक मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर लोधा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में पत्नी एवं दो बेटे व दो बेटी हैं। जिनका रो रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।