अलीगढ़ के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 14 नवंबर को शहर के बड़े मिष्ठान विक्रेता कुंजीलाल के जयगंज स्थित प्रतिष्ठान से राजभोग का नमूना भरा। उसे जांच के लिए भेजा है। इसके अलावा सिंध स्वीट हाउस पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नोटिस देकर जवाब मांगा है।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त (खाद्य) अजय कुमार जायसवाल के साथ में विभाग की टीम 14 नवंबर को जयगंज स्थित कुंजी लाल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पहुंची। यहां पर प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि उमा शंकर शर्मा मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण राजभोग का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
इसके बाद टीम ने सिंध स्वीट हाउस का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई असंतोषजनक पाई गई। इस गंभीर अनियमितता के चलते, विभाग ने नोटिस जारी किया है। इसके अलावा टीम ने तहसील कोल के गांव ममेडी में ओमवीर किराना स्टोर के यहां से सरसों का तेल, आटा और चावल का एक-एक नमूना जांच के लिए संग्रहीत किया।
कुंजीलाल फूड्स सहित अन्य लिए गए सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- अजय कुमार जायसवाल, मंडलीय सहायक आयुक्त खाद्य