महानगर के रामघाट रोड इलाके के टीकाराम कॉलेज के पास 9 फरवरी की सुबह स्वास्थ्यकर्मी के बेटे की हत्या उसके सालों ने नहीं, बल्कि पत्नी की साजिश के तहत पत्नी व साली के प्रेमी ने मिलकर की थी। यह खुलासा होने पर पुलिस ने तथ्य जुटाते हुए पत्नी सहित सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत से कुर्की नोटिस ले लिए हैं। पुलिस को जब यह सच पता लग गया, तभी से आरोपी फरार हैं। अगर जल्द हाजिर न हुए तो सभी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर क्षेत्र के गांव हमीरपुर निवासी कुलदीप सिंह पुत्र एमपी सिंह यहां क्वार्सी के बेगमबाग में रहता था। उसके पिता स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क हैं। कुलदीप खुद बीटेक करने के बाद यहां रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था। घटना के दिन वह सुबह कोचिंग से घर लौट रहा था। हत्या की पृष्ठभूमि में उस समय यह बात बताई गई थी कुलदीप की शादी रंजना उर्फ राखी उर्फ जानवी निवासी भिलावटी अकराबाद संग दिसंबर 2016 में हुई है। रंजना व उसकी एक बहन है, कोई भाई नहीं हैं। रंजना के पिता पर 200 बीघा जमीन है। इसी जमीन के लिए कुलदीप के चचेरे सालों ने यह हत्या की है।
इस संबंध में रंजना की मां की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इंस्पेक्टर क्वार्सी श्रीप्रकाश यादव के अनुसार जब जांच शुरू हुई तो साक्ष्यों व गवाही के आधार पता चला कि रंजना के गांव के ही दिनेश से प्रेम संबंध थे और उसने एक साल पहले ही प्रेम विवाह किया था। दिनेश ने रंजना को अपनी पत्नी दिखाकर गांव में वोटर आईडी कार्ड भी बनवा लिया है। इसके अलावा रंजना के ही परिचित युवक मिंकू पुत्र अनिल कुमार के रंजना की बहन से प्रेम संबंध हैं।
मिंकू कुलदीप की साली से शादी करना चाहता था। उधर, रंजना अपने प्रेमी संग रहना चाहती थी। दोनों ही प्रेम कहानी में कुलदीप बाधक बना रहा था। इसके चलते कुलदीप को रास्ते से हटाने की प्लानिंग बनी। इस पूरी प्लानिंग में मिंकू के बाबा ब्रह्म प्रकाश उर्फ शास्त्री ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार ब्रह्म प्रकाश के कुलदीप के परिवार से अच्छे रिश्ते थे। उसी ने कुलदीप व रंजना की शादी कराई थी। उसे कुलदीप के आने जाने की सभी जानकारी थी।
वही हत्या के समय रैकी में शामिल रहा और मिंकू, दिनेश ने हत्या की, जबकि रंजना इस साजिश में शामिल रही। इसके सर्विलांस साक्ष्य मिलने के बाद नामजद आरोपियों को क्लीनचिट देते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 82 के तहत अदालत से नोटिस ले लिए हैं। इंस्पेक्टर के अनुसार जल्द ही कुर्की की जाएगी।